Padma Awards : नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार 2025 समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 71 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह में फिल्म निर्माता शेखर कपूर, गायक अरिजीत सिंह और दिवंगत गजल गायक पंकज उधास सहित हिंदी सिनेमा की दिग्गज हस्तियों को सम्मानित किया गया।
गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण
दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। बिहार की धरती से बॉलीवुड तक अपनी आवाज का दम दिखाने वाली शारदा सिन्हा का 5 नवंबर 2024 को नई दिल्ली के एम्स में निधन हो गया था। वहीं फिल्ममेकर शेखर कपूर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म भूषण से सम्मानित किया। बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर अरिजीत को कला क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति मुर्मू ने तमिल फिल्मों में अपने योगदान के लिए एक्टर अजीत कुमार को कला क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया।
एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने साउथ एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण प्रदान किया। तेलुगु सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता नंदमुरी ने पांच दशकों से अधिक के करियर के दौरान, उन्होंने विभिन्न शैलियों की फिल्मों में अभिनय किया और यादगार भूमिकाएं निभाईं। उन्हें कैंसर रोगियों के लिए उनकी सेवाओं के लिए भी जाना जाता है।