Twisha Sharma Death Case: अपनी शादी के पांच महीने बाद ससुराल में ट्विशा शर्मा की मौत मामले ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला इतना पेचीदा होता चला गया कि रोज नए खुलासे से लोग हैरान हो गए हैं। ट्विशा की मौत के 13 दिन बाद तक उसके शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका था क्योंकि उसके परिवार का आरोप था कि ट्विशा की सास और पति के रसूख के चलते सही तथ्य सामने नहीं रखे गए हैं। अब दूसरे पोस्टमार्टम के बाद आखिरकार ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार होगा।
क्या समर्थ सिंह का परिवार भी अंतिम संस्कार में होगा शामिल?
बताया जा रहा है कि ट्विशा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर होगा। ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने बताया है कि आज शाम 5:00 बजे ट्विशा की अंतिम क्रियाएं पूरी की जाएंगी। क्या समर्थ का परिवार भी इसमें शामिल होगा इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई न्योता देने का काम नहीं होता, जिसकी श्रद्धा होगी आएगा।
पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उठे थे कई सवाल
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने शनिवार (23 मई) को दिल्ली स्थित AIIMS द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर उनकी बेटी के दूसरे पोस्टमार्टम से पूर्व उसके पहले पोस्टमार्टम को लेकर कई सवाल उठाए। ट्विशा के परिवार ने बोर्ड से अनुरोध किया कि वह स्वतंत्र रूप से मामले की जांच करे तथा फॉरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल तरीकों को शामिल करते हुए बहु-विषयक दृष्टिकोण अपनाए।
परिवार का कहना है कि पहले पोस्टमार्टम के दौरान कई पहलुओं की पर्याप्त जांच नहीं की गई। परिवार ने कहा कि यह पत्र बोर्ड को प्रभावित करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि उन चिंताओं से अवगत कराने के लिए है जिनके कारण दूसरे पोस्टमार्टम की मांग की गई।
समर्थ सिंह ने पुलिस के सामने खोले कई राज
समर्थ सिंह को 10 दिन तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया, जिस दौरान समर्थ ने पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए। समर्थ ने दावा किया कि प्रेग्नेंसी के बाद ट्विशा शर्मा का बर्ताव बदल गया था। उसने बेंगलुरु जाने से इनकार कर दिया था और अपने बाई के साथ अजमेर में रहना चाहती थी। इस बात को लेकर दोनों में बहस भी हुई थी।