Jio Finance: जियो फाइनेंस प्लेटफॉर्म एंड सर्विस लिमिटेड (JFPSL) ने ‘ऑल-न्यू Jio Finance ऐप’ लॉन्च करने का एलान किया है। JFPSL, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) की मालिकान वाली सब्सिडियरी कंपनी है।
कंपनी ने ‘फिनसाइडर’ नाम से एक खास अर्ली एक्सेस प्रोग्राम भी शुरू किया है, जिसके तहत यूजर्स इस नए ऐप का शुरुआती अनुभव ले सकेंगे और अपने फीडबैक के जरिए इसके भविष्य को आकार दे सकेंगे।
कंपनी के अनुसार, यह नया ऐप पारंपरिक तरीके से केवल कारोबारी प्रोडक्ट्स की लिस्ट देने के बजाय Agentic AI और Neural Networks जैसी एडवांस टेक्निक्स का इस्तेमाल करता है, ताकि यूजर्स को उनकी जरूरत और प्रोफाइल के अनुसार व्यक्तिगत (हाइपर-पर्सनल) फाइनेंशियल सुझाव मिल सकें।
क्या है खास?
नया Jio Finance ऐप एक इंटेलिजेंट फाइनेंस मार्केटप्लेस के रूप में काम करेगा, जहां होम लोन, पर्सनल लोन, सिक्योरिटीज के खिलाफ लोन, क्रेडिट कार्ड, बीमा, यूपीआई, म्यूचुअल फंड (जियो ब्लैकरॉक), फिक्स्ड डिपॉजिट, डिजिटल गोल्ड, टैक्स फाइलिंग और प्लानिंग जैसे कई प्रोडक्ट एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
ऐप में 15 AI एजेंट और करीब 70 डिसीजन-मेकिंग इंजन काम करेंगे, जो यूजर की रियल-टाइम जरूरत, योग्यता और कारोबारी स्थिति का एनालिसिस कर उन्हें सबसे बेहतर सुझाव देंगे।
इसके अलावा, हर यूजर की होम स्क्रीन अलग होगी, यानी ‘वन-साइज-फिट्स-ऑल’ मॉडल को खत्म कर डायनेमिक पर्सनलाइजेशन पर जोर दिया गया है। यूजर्स अपनी जरूरत चैट बॉक्स में टाइप करके सीधे संबंधित कारोबारी प्रोडक्ट तक पहुंच सकते हैं।
JioPoints से मिलेगा रिवॉर्ड
‘फिनसाइडर’ प्रोग्राम के तहत यूजर्स ऐप का इस्तेमाल कर फीडबैक देंगे और हर ट्रांजैक्शन पर JioPoints कमा सकेंगे, जिन्हें विभिन्न रिवॉर्ड्स के बदले रिडीम किया जा सकेगा।
आने वाले फीचर्स
जल्द ही ऐप में ‘फाइनेंशियल फिटनेस स्कोर’, ‘पर्सनल CFO फॉर भारत’, ऑटोमेटेड ट्रांजैक्शन और एक्सक्लूसिव मेंबरशिप प्रोग्राम जैसे फीचर्स भी जोड़े जाएंगे, जिससे यूजर्स अपनी वित्तीय स्थिति को बेहतर तरीके से समझ और प्रबंधित कर सकेंगे।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हितेश सेठिया ने कहा कि “इंटेलिजेंट फाइनेंस हर नागरिक का बुनियादी अधिकार होना चाहिए।
नया Jio Finance ऐप हर भारतीय को पारदर्शी और भरोसेमंद वित्तीय जानकारी देकर सशक्त बनाने के उद्देश्य से बनाया गया है”. यूजर्स ‘फिनसाइडर’ बनने के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और ऐप को प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड या अपडेट कर सकते हैं।