Ishan Kishan Ruled Out: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच से पूर्व टीम इंडिया को झटका लगा है। ईशान किशन तीसरे मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें पहले मैच के दौरान दाहिनी जांघ के अंदरूनी हिस्से की मांसपेशी में खिंचाव हुआ था। जिसके बाद ईशान दूसरे टी20 मैच में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह उस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को चांस मिला था। चूंकि ईशान वेलिंगटन में भी नहीं खेल पाएंगे, इससे वैभव को दोबारा अंतिम-11 में चांस मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि, ईशान की जगह लेने के लिए कुमार कुशाग्र भी प्लेइंग इलेवन की रेस में बने हुए हैं।
BCCI ने ईशान किशन की फिटनेस पर स्टेटमेंट जारी कर कहा, “ईशान किशन दाहिनी जांघ के अंदरूनी हिस्से में आए खिंचाव से जल्दी रिकवर कर रहे हैं। ईशान अभी तक मैच खेलने के लिए 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं, इसलिए उन्हें 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 से बाहर किया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके रिकवरी प्रोसेस पर करीब से नजर बनाए हुए है।”
क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
वैभव सूर्यवंशी दूसरे टी20 मैच में ईशान किशन की जगह नंबर-3 पर खेले थे, लेकिन सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। उम्मीद काफी अधिक है कि तीसरे मैच में भी वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। BCCI ने अपने स्टेटमेंट में यह भी बताया कि कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 के लिए भी भारतीय स्क्वाड में बने रहेंगे। कुशाग्र को ईशान किशन के चोटिल होने के बाद दूसरे टी20 के लिए भारतीय स्क्वाड में जगह दी गई थी।