Iran America Conflict: मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान ने अमेरिका के सामने साफ कर दिया है कि जब तक उसकी 7 शर्तें पूरी नहीं होंगी, तब तक किसी तरह की बातचीत नहीं होगी। दूसरी तरफ, दुनिया के सबसे अहम समुद्री तेल मार्गों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों के समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग लगने की खबर है। ईरान का दावा है कि ये टैंकर अमेरिकी हवाई सुरक्षा के बावजूद आग की चपेट में आए।
वहीं, गाजा में इजराइल के तीन अलग-अलग हमलों में कम से कम आठ फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है। एक तरफ ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत का रास्ता बंद होता दिख रहा है, तो दूसरी तरफ इजराइल-गाजा संघर्ष ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ ने मंगलवार को साफ कहा कि जब तक ईरान की सात शर्तें पूरी नहीं होंगी, अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं होगी।
ईरान ने क्या दी है चेतावनी?
ईरान के सरकारी टेलीविजन के मुताबिक, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन ने कोई गलती की तो संघर्ष का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। ईरान ने अभी तक अपनी सभी सात शर्तों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, ईरानी मीडिया के मुताबिक, इनमें आर्थिक प्रतिबंध हटाना, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करना और जब्त की गई ईरानी संपत्तियों को वापस करना शामिल है।
होर्मुज में 3 तेल टैंकरों में लगी आग
होर्मुज जलडमरूमध्य से एक बड़ी घटना सामने आई है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसेना ने दावा किया कि तीन तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिसके बाद उनमें आग लग गई। ईरानी नौसेना के मुताबिक, ये टैंकर समुद्री रास्ते से जुड़े नियमों और चेतावनियों का उल्लंघन कर रहे थे। उसने दावा किया कि अमेरिकी हवाई सुरक्षा मिलने के बावजूद टैंकर आग की चपेट में आ गए। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का कारोबार होता है।
गाजा में इजराइल के तीन हमले
गाजा में भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक इजराइल के तीन अलग-अलग हमलों में कम से कम आठ फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। गाजा सिटी के अल-शिफा अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि एक हमले में दो लोगों की जान गई। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में पुलिस स्टेशन पर हुए हमले में तीन पुलिसकर्मी मारे गए। वहीं, मध्य गाजा में एक अन्य हमले में बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई। इजराइली सेना ने इन हमलों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
सीजफायर के बाद भी जारी हमले
गाजा में पिछले साल हुए सीजफायर के बाद भी इजराइली सेना कई बार हमास के नियंत्रण वाले इलाकों में पुलिस स्टेशनों को निशाना बना चुकी है। इजराइल का आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों के संबंध हमास के लड़ाकू संगठन से हो सकते हैं। वहीं, हमास का कहना है कि गाजा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जरूरी है।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, तीन साल से जारी इजराइल-हमास युद्ध में अब तक कम से कम 74,746 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। ऐसे में ईरान-अमेरिका तनाव, होर्मुज में तेल टैंकरों की घटना और गाजा में लगातार हो रहे हमलों ने पूरे मिडिल ईस्ट की स्थिति को बेहद संवेदनशील बना दिया है।