Panipat News: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पानीपत के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख परियोजनाओं के प्रस्ताव रखे। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोटर् (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।
मुलाकात के बाद महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत एक प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक और ऐतिहासिक शहर है। यहां लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क और फ्लाईओवर नेटवकर् का विस्तार जरूरी है। उन्होंने शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव रखा।
इसके अलावा सेक्टर-13-17 फ्लाईओवर से बाबरपुर फ्लाईओवर तक नया फ्लाईओवर और एल्डिको के सामने अंडरपास बनाने की मांग की। उन्होंने बरसत रोड से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए पानीपत फ्लाईओवर पर एंट्री रैंप और नाथू स्वीट्स के सामने एग्जिट रैंप बनाने का प्रस्ताव भी दिया। इससे वाहन चालकों को अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए बाबरपुर मंडी के सामने फ्लाईओवर तथा जीटी रोड पर पानीपत अनाज मंडी के सामने दोनों तरफ सुरक्षित यू-टर्न बनाने की मांग भी रखी गई। ढांडा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरवासियों, किसानों और आढ़तियों को यातायात जाम से राहत मिलेगी।
साथ ही औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से पानीपत को आधुनिक यातायात सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को गति दी जा रही है।