उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदेश कार्यकारिणी समेत सभी प्रकोष्ठों को भंग कर दिया है। पार्टी अब नए सिरे से संगठन और प्रकोष्ठों का गठन करेगी और जल्द ही नए अध्यक्ष का एलान भी करेगी।
आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के निर्देश पर उत्तराखंड में पार्टी संगठन और अन्य सभी प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। इसकी जानकारी आप नेता दिनेश मोहनिया ने दी है।
बता दें कि खुद को उत्तराखंड की सियासत में तीसरा विकल्प कहकर आम आदमी पार्टी ने सभी प्रदेश की 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी उत्तराखंड में खाता तक नहीं खोल पाई। चुनाव के बाद पार्टी ने संगठन और सभी प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आप प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली को बनाया जा सकता है। आप नेता दिनेश मोहनिया ने कहा कि नए संगठन निर्माण के साथ ही अन्य सभी इकाईयों का भी जल्द गठन कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
ये रहा था चुनाव का परिणाम
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल (Colonel Ajay Kothiyal) गंगोत्री (Gangotri) विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे। लेकिन वह इस सीट से चुनाव हार गए। इस सीट पर भाजपा के सुरेश सिंह चौहान (Suresh Singh Chauhan) ने बाजी मारी थी। वहीं, दुसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयपाल सजवाण (Vijaypal Sajwan) रहे, जबकि कर्नल अजय कोठियाल इस सीट पर तीसरे नंबर पर रहे। आपको बता दें कि कर्नल कोठियाल गढ़वाल में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रमुख भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं केदारनाथ आपदा (Kedarnath Disaster) के बाद केंद्र सरकार (Central Govt) ने केदारनाथ की दोबारा स्थापना के लिए जो प्रोजेक्ट तैयार किया था, उसे पूरा करने में भी कर्नल ने अहम भूमिका निभाई थी।