India Cricket Team: मंगलवार को खेले गए टी20 मैच में भारत ने जापान को 2 रन से हरा दिया। मैदान गीला होने की वजह से 5-5 ओवर का मैच करवाया गया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए, जिसके जवाब में जापान की टीम सिर्फ 30 रन ही बना सकी। टीम इंडिया इस समय जापान में है। यहां जान लीजिए 22 सितंबर को ऐतिहासिक मुकाबले के बाद भारतीय टीम को कब-कब और किसके साथ मैच खेलने हैं।
यह इतिहास में भारत और जापान के बीच खेला गया सबसे पहला टी20 इंटरनेशनल मैच रहा। यहां जान लीजिए जापान से भिड़ने के बाद भारतीय टीम किस तारीख को किन-किन टीमों से भिड़ने वाली है।
28 सितंबर को पहला मैच
एशियन गेम्स में भारतीय टीम का पहला मैच 28 सितंबर को होगा। हालांकि, टीम इंडिया के प्रतिद्वंदी का नाम अभी सामने नहीं आया है। एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता का फॉर्मेट ही ऐसा है कि 4 टीमों को ऊंची रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है। ये 4 टीम भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान हैं।
इसके अलावा 6 अन्य टीमें भी इस टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। अफगानिस्तान, नेपाल, जापान, मलेशिया, हॉन्ग कॉन्ग और ओमान। ग्रुप A में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं। दूसरे ग्रुप में हॉन्ग कॉन्ग, ओमान और मलेशिया हैं।
किसके साथ है अगला मैच?
भारतीय टीम अपना पहला मैच 28 सितंबर को खेलेगी, जो एशियन गेम्स में दूसरा क्वार्टरफाइनल होगा। इस क्वार्टरफाइनल मैच में टीम इंडिया की टक्कर ग्रुप A में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगी। अफगानिस्तान, नेपाल और जापान में जो भी टीम ग्रुप A में दूसरे स्थान पर फिनिश करती है, 28 सितंबर को भारत का क्वार्टरफाइनल मैच उसी टीम से होगा।
अगर भारत उसके बाद सेमीफाइनल और फिर फाइनल में जाता है, तो उसके प्रतिद्वंदी का नाम बाकी बचे मैचों के परिणाम के बाद सामने आएगा।
28 सितंबर - क्वार्टरफाइनल
1 अक्टूबर - पहला सेमीफाइनल
1 अक्टूबर - दूसरा सेमीफाइनल
3 अक्टूबर - फाइनल
भारतीय मेंस टीम एशियन गेम्स में गत चैंपियन है। पिछले साल फाइनल में टीम इंडिया की टक्कर अफगानिस्तान के साथ हुई थी। एक तरफ महिला टीम इंडिया गोल्ड मेडल जीत चुकी है। अब पुरुष टीम से भी अपना गोल्ड मेडल डिफेंड करने की उम्मीद होगी।