देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने एक तरफ तो आपने ग्राहकों को राहत दी है लेकिन वही, दूसरी तरफ उन्हें झटका भी दिया। एसबीआई ने होम लोन सस्ता कर दिया है और जमा पर ब्याज में भी कटौती कर दी है।
दरअसल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बैंक ने मंगलवार को 10 अप्रैल से सभी अवधि के ऋणों पर कोष की सीमांत लागत आधारित ऋण ब्याज दर (MCLR) में 0.35 प्रतिशत कटौती करने की घोषणा की। साथ ही, बैंक ने बचत खाता जमा पर भी ब्याज दर को 0.25 प्रतिशत घटाकर 2.75 प्रतिशत कर दिया है।
एक बयान में बैंक ने कहा है कि एमसीएलआर में कटौती के बाद एक वर्ष की अवधि के ऋण पर ब्याज दर 7.75 प्रतिशत से घटकर 7.40 प्रतिशत वार्षिक हो जाएगी। अधिकांश खुदरा ऋणों के लिए 1 वर्ष की अवधि के कर्ज पर दर को पैमाना माना जाता है। इसके अलावा बैंक ने कहा कि इससे 30 वर्ष की अवधि वाले आवास ऋण की मासिक किस्त प्रति 1 लाख रुपये कर्ज पर 24 रुपये कम हो जाएगी।
साथ ही, बैंक ने बचत खाता जमा पर ब्याज में 25 आधार अंकों की कमी कर दी है जो 15 अप्रैल से प्रभावी होगा। इसके तहत अब बचत खाता जमा पर वर्तमान के 3.0 प्रतिशत के स्थान पर 2.75 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।