Vijay Hazare Trophy : भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बुधवार, 24 दिसंबर का दिन खास बन गया है। टीम इंडिया के दो सबसे बड़े सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में खेलते नजर आ रहे हैं। दोनों दिग्गज विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में अपनी-अपनी टीमों के लिए मैदान पर उतरे हैं और बल्ले से जलवा बिखेरा है। विराट कोहली दिल्ली की ओर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा मुंबई की जर्सी में सिक्किम के खिलाफ तूफानी शतक जड़ चुके हैं।
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया
दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच मुकाबला बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जा रहा है। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। विराट कोहली दिल्ली टीम का हिस्सा हैं, जबकि कप्तानी की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभाल रहे हैं। यह मुकाबला पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था, लेकिन अंतिम समय में वेन्यू बदल दिया गया। कोहली की घरेलू क्रिकेट में मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को काफी प्रेरणा मिल रही है। आंध्र प्रदेश ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 298 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की बल्लेबाजी जारी है। खबर लिखे जाने तक दिल्ली ने 16 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 135 रन बना लिए हैं। प्रियांश आर्या अर्धशतक लगाकर आउट, जबकि किंग कोहली 150+ के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने भी अर्धशतक लगाया। वह 45 गेंद में 54 रन बना चुके हैं।
62 गेंद में आठ चौके और आठ छक्के की मदद से रोहित शर्मा का शतक
मुंबई और सिक्किम के बीच मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में सिक्किम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा मुंबई टीम का हिस्सा हैं, जबकि कप्तानी शार्दुल ठाकुर कर रहे हैं। रोहित लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है। सिक्किम ने 50 ओवर में सात विकेट पर 236 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 22 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 62 गेंद में आठ चौके और आठ छक्के की मदद से शतक लगाया।
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार की टीम ने इतिहास रच दिया
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार की टीम ने इतिहास रच दिया है। बिहार की टीम विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है, बिहार ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 574 रन बनाने में सफल रही। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम दूसरी ऐसी टीम है जिन्होंने 500 रनों का आंकड़ा पार किया है। वहीं, अब बिहार विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने वाली टीम बन गई है। इसके अलावा बिहार की टीम से पहले तमिलनाडु ऐसी दूसरी टीम है जिनके नाम विजय हजारे ट्रॉफी में 500 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज था। विजय हजारे ट्रॉफी में तमिलनाडु ने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ दो विकेट पर 506 रन बनाए थे. बता दें कि इस मामले में तीसरे नंबर पर मुंबई की टीम है, मुंबई ने 2021 में 4 विकेट पर 457 रन बनाए थे। चौथे नंबर महाराष्ट्र की टीम है जिसने 427 रन का स्कोर 2023 में मणिपुर के खिलाफ बनाने में सफलता हासिल की थी।