IPL 2026: ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की IPL 2026 में शुरुआत अच्छी नहीं रही। LSG अपने घर पर हुए पहले मैच में हार गई, जिसके बाद टीम के मालिक संजीव गोयनका और कप्तान पंत के बीच हुई बातचीत का एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। ये बातचीत ग्राउंड पर हो रही थी, टीम के कोच भी वहीं थे। फैंस कयास लगाने लगे कि एक बार फिर टीम के मालिका गुस्सा कप्तान पर निकला। अब फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया पेज से इस बातचीत का एक वीडियो शेयर किया गया, जो दूसरे एंगल की तरफ इशारा करता है।
दरअसल, ऋषभ पंत और संजीव गोयनका और लखनऊ के कोच के बीच बातचीत का जो क्लिप पहले वायरल हुआ था उसे देखने से लग रहा था कि फ्रेंचाइजी के मालिक इस हार के बाद गुस्से में हैं। पंत कुछ सीरियस होकर समझा रहे थे। लेकिन अब लखनऊ सुपर जायंट्स ने जो वीडियो शेयर किया, उससे साफ है कि बातचीत जरूर सीरियस हो रही हो लेकिन टीम के मालिक संजीव गोयनका गुस्से में नहीं थे, बल्कि उन्होंने सबसे पहले पंत को गले लगाया था।
मालूम हो, इससे पहले 2024 में संजीव गोयनका और केएल राहुल के बीच तीखी बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक की काफी आलोचना हुई थी। पिछले साल ऋषभ पंत के साथ भी ऐसी ही बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ LSG का दूसरा मुकाबला
ऋषभ पंत पहले मैच बुरी किस्मत के चलते रन आउट हो गए थे, वह सिर्फ 7 रन बना पाए थे। पहले मैच में लखनऊ के बल्लेबाजों ने निराश किया था। अब टीम का दूसरा मैच रविवार, 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है। वो मैच भी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।