October Gardening: हरा-भरा गार्डन सभी को अच्छा लगता है, लेकिन मौसम के हिसाब से फूल सूख जाते हैं। गर्मियों के पौधे अलग होते हैं, बरसात और सर्दियों के बिल्कुल अलग, जिन्हें मेंटेन करने का तरीका भी अलग होता है। ऐसे में अगर आप सर्दियों के लिए गार्डनिंग प्लान कर रहे हैं, तो अक्टूबर का महीना काफी अच्छा रहता है। साथ ही, यह महीना गार्डनिंग के शौकीनों के लिए काफी खास होता है। इस महीने में गर्मी कम होने लगती है और मौसम धीरे-धीरे ठंड की ओर बढ़ता है। यही समय कई विंटर फ्लावरिंग पौधों की तैयारी शुरू करने का होता है। अगर आप चाहते हैं कि सर्दियों में आपका गार्डन रंग-बिरंगे फूलों से खिला रहे, तो अक्टूबर में कुछ खास फूलों के पौधे या बीज लगाए जा सकते हैं।
अक्टूबर में कौन से पौधे लगाएं?
गेंदे का पौधा- गेंदा सर्दियों के मौसम में खिलने वाले लोकप्रिय फूलों में से एक है। इसके पीले और नारंगी रंग के फूल गार्डन को खूबसूरत बना देते हैं। इसे गमले या जमीन, दोनों जगह लगाया जा सकता है। गेंदा को अच्छी धूप और पानी निकासी वाली मिट्टी पसंद होती है।
पेटूनिया- पेटूनिया अपने चमकीले और कई रंगों के फूलों के लिए जाना जाता है। इसके फूल गुलाबी, बैंगनी, सफेद, लाल और कई दूसरे रंगों में दिखाई देते हैं। अक्टूबर के आसपास इसकी बुवाई या पौध तैयार करना सर्दियों में फूल पाने के लिए सही समय हो सकता है। इसे ऐसी जगह रखें, जहां सही धूप आती हो, वरना ग्रोथ अच्छी नहीं होगी।
पैंसी- अगर आपको छोटे और बेहद खूबसूरत फूल पसंद हैं, तो पैंसी गार्डन के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसके फूल कई रंगों और पैटर्न में आते हैं। ठंडे मौसम में यह अच्छी तरह बढ़ता है और गमलों, बॉर्डर या छोटी क्यारियों में लगाया जा सकता है। इसलिए आपको मिट्टी और गमला चाहिए होगा और नर्सरी से बीज खरीदकर लगाने होंगे।
एंटीराइनम- एंटीराइनम को आमतौर पर स्नैपड्रैगन भी कहा जाता है। इसके फूल डंठल पर गुच्छों की तरह खिलते हैं और गार्डन को खूबसूरत लुक देते हैं। यह ठंडे मौसम में अच्छी तरह बढ़ने वाला फूल है। इसे अच्छी धूप वाली जगह और भुरभुरी, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में लगाना बेहतर रहता है।
एस्टर- एस्टर के फूल दिखने में बहुत ही अच्छे लगते हैं। उनके फूलों का रंग गुलाबी, बैंगनी, नीले और सफेद रंग का होता है। इस पौधे को उगाने का सबसे सही समय अक्टूबर या नवंबर या फरवरी या मार्च होता है। अगर आप इसे लगाना चाहते हैं, तो अगले महीने लगा सकते हैं। इसके लिए आपको बस मिट्टी और बीज की जरूरत होगी।