भिवानी (Bhiwani) के खनन क्षेत्र डाडम (Dadam) से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां पहाड़ खिसकने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में कई लोगों के दबने और हताहत होने की सूचना है। बचाव कार्य जारी है और पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है। इस हादसे में खनन में प्रयोग होने वाली पोपलैंड और अन्य कई मशीनें भी मलबे में दब गई है। फिलहाल तक पहाड़ के खिसकने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पहाड़ अपने आप किसका है या फिर धमाके के कारण यह हादसा हुआ, इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया जा रहा है।
बता दें कि तोशाम क्षेत्र के खानक और डाडम में बड़े स्तर पर पहाड़ खनन कार्य होता है। प्रदूषण के चलते 2 महीने पहले खनन कार्य पर रोक लगाई गई थी। एनजीटी ने गुरुवार को ही खनन कार्य दोबारा शुरू करने की इजाजत दी थी। एनजीटी से अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार से ही खनन कार्य शुरू कर दिया गया था। 2 महीने तक खनन कार्य बंद रहने की वजह से भवन निर्माण सामग्री की किल्लत हो रही थी। इस किल्लत को दूर करने के लिए ही वहां बड़े स्तर पर ब्लास्ट किए जाने की आशंका भी जताई जा रही हैं।