Duleep Trophy 2026: ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 अपने नाम की। फाइनल में बढ़त हासिल करके उन्होंने साउथ जोन का चैंपियन बनने का सपना तोड़ा और 14 साल बाद ट्रॉफी पर कब्जा किया। ईस्ट जोन की इस जीत में कप्तान ईशान किशन और उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी का बड़ा योगदान रहा। मैच के बाद अब दोनों का एक इंटरव्यू सामने आया है, जिसमें ईशान किशन ने 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव के जमकर मजे लिए और कहा कि सूर्यवंशी ने उनके DRS का क्रेडिट छिन लिया।
वैभव सूर्यवंशी ने की शानदार उपकप्तानी
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को ईस्ट जोन का उपकप्तान नियुक्त किया गया था और उन्होंने अपना किरदार शानदार तरीके से निभाया। फाइनल मैच के दौरान एक मौके पर उन्होंने ईशान किशन को रिव्यू लेने की सलाह दी और यह फैसला ईस्ट जोन के पक्ष में गया। इसके पहले सेमीफाइनल में भी जब किशन मैदान से बाहर थे, तो सूर्यवंशी ने DRS का सही तरह से उपयोग करके टीम को विकेट दिलाया था।
ईशान किशन ने लिए सूर्यवंशी के मजे
BCCI ने वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन का एक इंटरव्यू जारी किया। इसमें ईशान किशन ने वैभव की खिंचाई करते हुए कहा कि वह जब भी रिव्यू लेने वाले होते थे, वैभव सूर्यवंशी उनके पास आकर DRS लेने के लिए बोलते थे। किशन ने कहा कि सूर्यवंशी इंटरनेट पर वाहवाही लूटने के लिए ऐसा करते थे। उन्होंने कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी ने रिव्यू में क्रेडिट ले ही लिया है। पहले मैं रिव्यू लेने वाला था लेकिन फिर ये आकर बोल देता था कि मैं पास आ जाता हूं। इसके बाद पूरा इंटरनेट वैभव का नाम लेता था। लोग कहते थे वैभव सूर्यवंशी ने तो कमाल कर दिया। उन्होंने बहुत अच्छे से यह काम किया है।’
किशन ने की वैभव की तारीफ
वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि जब ईशान किशन मैदान से बाहर जाते थे, तब वह ही रिव्यू ले रहे थे। किशन को जवाब देते हुए वैभव ने कहा, ‘जब आप मैदान से बाहर जाते थे, तब कौन लेता था रिव्यू? यह भी तो बताइए।’ ईस्ट जोन के कप्तान ने माना कि वैभव ने उनकी गैरमौजूदगी में अच्छा किया और वह फ्यूचर कप्तान बन सकते हैं। किशन ने इसके बाद वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की और बताया कि वह सभी का सम्मान करते हैं। SRH के स्टार बल्लेबाज का मानना है कि वैभव आगे जाकर और भी खतरनाक खिलाड़ी बन सकते हैं।