Haryanvi singer Diler Kharkiya: मशहूर हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया एक बड़ी साजिश का शिकार होने से बाल-बाल बच गए हैं. उनकी रेंज रोवर कार पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इस भयानक और जानलेवा हमले के दौरान गनीमत यह रही कि सिंगर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वे सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहे.
सोशल मीडिया पर ली गई हमले की जिम्मेदारी
गोलीबारी की इस वारदात के कुछ ही देर बाद अनिल पंडित नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस पूरे हमले की जिम्मेदारी ले ली. इस पोस्ट के जरिए गायक को सीधे तौर पर धमकाते हुए चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने आगे से फोन कॉल्स का जवाब नहीं दिया, तो अगली बार गोली सीधे उनकी छाती में उतारी जाएगी. हमलावरों ने बिना किसी खौफ के इस पूरी वारदात को अंजाम देने का खुला दावा किया है. वायरल हो रही पोस्ट में स्पष्ट रूप से यह बताया गया है कि दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई इस फायरिंग के पीछे हिमांशु सोनीपत, हरि बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित का हाथ है.
जानें कौन है दिलेर सिंह खरकिया
हरियाणवी संगीत जगत के चर्चित नाम दिलेर सिंह खरकिया का जन्म 8 अगस्त 1997 को हरियाणा के खरक गांव में हुआ था गायकी का हुनर उन्हें अपने पिता राजेंद्र खरकिया से विरासत में मिला, जो खुद एक प्रसिद्ध रागनी गायक हैं. अपने पिता से प्रेरणा लेते हुए दिलेर ने भी संगीत को ही अपना जुनून और करियर चुना. अपनी बेहतरीन आवाज के दम पर आज वह हरियाणा के सबसे लोकप्रिय गायकों में शुमार हैं. 'मोटो', 'विश', 'कबूतरी' 'लिलो चमन' और 'हाई कोर्ट' जैसे सुपरहिट गानों ने उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री में एक बड़ा मुकाम और प्रशंसकों के बीच खास पहचान दिलाई है.