Gurugram hit-and-run case: गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के आरोप में लवनीश गुर्जर को राजस्थान के दौसा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है. इससे पहले आरोपी कल्याण बैंसला को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया गया था. वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी गई थी, लेकिन बैंसला ने खुद का बचाव करते हुए कहा था कि ये टक्कर गलती से हुई थी. लवनीश को कल्याण का कजिन बताया जा रहा है.
क्या है पूरा मामला?
ये मामला तब चर्चा में आया जब सिया नाम की एक बाइकर ने इंस्टाग्राम पर हेलमेट-कैमरे का फुटेज शेयर किया. वीडियो में कथित तौर पर एक सफेद मारुति सियाज को उसकी मोटरसाइकिल की तरफ आते और उसे साइड से टक्कर मारते हुए दिखाया गया है. सिया बाइक से गिर गई और बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई. उसने ये भी आरोप लगाया कि टक्कर से पहले कार में सवार लोगों ने उसके साथ गलत बर्ताव किया था.
हत्या की कोशिश का आरोप जोड़ा गया
पुलिस ने शुरू में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 281 के तहत FIR दर्ज की थी, जो पर्सनल सेफ्टी को खतरे में डालने और लापरवाही से गाड़ी चलाने से जुड़ा है. बाद में जांचकर्ताओं ने धारा 109 जोड़ी, जो हत्या की कोशिश से जुड़ा है.
कौन है कल्याण बैंसला?
कल्याण बैंसला कथित तौर पर पलवल में जिम चलाते हैं और कबड्डी बैकग्राउंड से हैं, उनको मुख्य आरोपी बनाया गया है. तब से उनका इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया गया है. उन्होंने पहले खुद को भारतीय रग्बी टीम के सदस्य के तौर पर पेश किया था और ‘एमेच्योर ओलंपिया इंडिया’ बॉडीबिल्डिंग कॉम्पिटीशन जीतने का दावा किया था.
महिला का पीछा करने का आरोप
सिया के मुताबिक, ये घटना रविवार, 13 सितंबर 2026 की सुबह हुई जब वो दूसरे बाइकर्स के साथ बाइक चला रही थी. उसने दावा किया कि सियाज ड्राइवर ने गोल्फ कोर्स रोड पर उसका पीछा किया और बार-बार उसे रुकने का इशारा किया. उसने ये भी आरोप लगाया कि ड्राइवर नशे में लग रहा था.