PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर शनिवार को रवाना हुए। प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। वह सेशेल्स की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दौरे पर रवाना होने से पहले जारी अपने बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगी। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने नागरिकों की प्रगति के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर काम करेंगे।
'द्विपक्षीय वार्ता के लिए उत्साहित हूं'
प्रधानमंत्री ने कहा, "राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की फरवरी 2026 में भारत की सफल राजकीय यात्रा के बाद मैं उनसे फिर मुलाकात और द्विपक्षीय वार्ता को लेकर उत्साहित हूं। हमारी चर्चा का उद्देश्य दोनों देशों की स्थायी मित्रता को और मजबूत करना तथा हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देना होगा।"
50 साल पूरे हुए राजनयिक संबंधों के
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और 'विजन महासागर' (MAHASAGAR) तथा ग्लोबल साउथ के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रमुख साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 भारत और सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है। यह रिश्ता आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों पर आधारित है।
नेशनल असेंबली को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का प्रतीक है।
भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय से मिलने को लेकर भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोग पीढ़ियों से दोनों देशों के बीच मित्रता का मजबूत पुल बने हुए हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा भारत-सेशेल्स संबंधों को और मजबूत करेगी, समुद्री सहयोग को नई गति देगी और हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा समृद्ध बनाने के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी।
नौसेना के जहाज भी होंगे शामिल
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे। यह दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा और समुद्री सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है।
11 साल में दूसरा सेशेल्स दौरा
प्रधानमंत्री मोदी का पिछले 11 वर्षों में यह दूसरा सेशेल्स दौरा है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2015 में इस द्वीपीय देश की यात्रा की थी। इस बार राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, डिजिटल गवर्नेंस, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही दोनों देश क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
सेशेल्स की खासियत
सेशेल्स आबादी और क्षेत्रफल, दोनों के लिहाज से अफ्रीका का सबसे छोटा संप्रभु देश है। इसकी कुल आबादी लगभग 1.35 लाख है, जिनमें करीब 12 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं। यानी कुल आबादी का लगभग 8 से 9 प्रतिशत हिस्सा भारतीय मूल का है।
हिंद महासागर में स्थित इस द्वीपीय देश में 115 छोटे-बड़े द्वीप हैं, लेकिन इनमें से केवल करीब 33 द्वीपों पर ही आबादी रहती है। सेशेल्स अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सफेद रेतीले समुद्र तटों, नीले समुद्र और पर्यटन के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है।
यहां का सबसे लोकप्रिय समुद्र तट एंसे सोर्स डी'अर्जेंट (Anse Source d'Argent), जो ला डिग्यू (La Digue) द्वीप पर स्थित है, अपनी सफेद रेत, क्रिस्टल जैसे साफ पानी और विशाल ग्रेनाइट चट्टानों के लिए विश्व प्रसिद्ध है।
सेशेल्स की राजधानी
सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया (Victoria) है। यह देश के सबसे बड़े द्वीप माहे (Mahé) के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित है। दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में गिनी जाने वाली विक्टोरिया, सेशेल्स का प्रमुख बंदरगाह, व्यापारिक केंद्र और सांस्कृतिक राजधानी भी है।