Rohit Sharma: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को कहा कि राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में शुरू की गई प्रक्रियाओं का पालन करने की वजह से भारतीय टीम को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में मदद मिली। रोहित ने इस तरह खिताबी जीत का श्रेय द्रविड़ को दिया। मालूम हो कि भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था। भारत चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित की कप्तानी में उतरा था, जबकि टीम के मुख्य कोच द्रविड़ नहीं गौतम गंभीर थे।
दोनों की अगुआई में भारत 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचा
रोहित और द्रविड़ की जोड़ी काफी हिट रही थी। इन दोनों की अगुआई में भारत 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचा था जहां उसे हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, भारत ने इस निराशा को पीछे छोड़ा और 2024 टी20 विश्व कप में जीत दर्ज की। द्रविड़ का कार्यकाल टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के साथ ही समाप्त हो गया था। इसके बाद गंभीर का दौर शुरू हुआ और टीम ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। रोहित ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, देखिए, मुझे वह टीम बहुत पसंद थी, उनके साथ खेलना बहुत अच्छा लगता था और यह एक ऐसा सफर रहाहै जिसमें हम सभी कई वर्षों से लगे हुए थे। यह एक या दो साल के काम की बात नहीं है। यह कई वर्षों से काम करने की बात है। हम कई बार ट्रॉफी जीतने के बहुत करीब पहुंच गए थे, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाए। यहीं पर सभी ने फैसला किया कि हमें कुछ अलग करना होगा और इसे देखने के दो तरीके हैं। हमेशा यही विचार आता है कि ऐसा किया जाए और फिर जाकर वैसा ही किया जाए। यह एक या दो खिलाड़ियों से नहीं हो सकता। हमें चाहिए था कि सभी इस विचार को अपनाएं और यह सभी की ओर से अच्छा था।
रोहित को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया
रोहित को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। रोहित ने टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में टीम के प्रदर्शन के बारे में की जिसमें भारत ने उनकी कप्तानी में खिताब जीता था। रोहित ने कहा, चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों ने यह सोचा कि कैसे मैच जीते जाएं और कैसे खुद को चुनौती दी जाए और आत्मसंतुष्ट न हों तथा किसी भी चीज को हल्के में न लें। ये वो गुण थे जिन्हें हमने अपने अंदर लाने की कोशिश की और हमें लगा कि बार-बार ऐसा करना एक अच्छा तरीका है। सभी ने इस प्रक्रिया का आनंद लिया। पहला गेम जीतने के बाद हमने उस गेम को पूरी तरह से एक तरफ रख दिया और फिर अगले गेम पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया।