Haryana Weather: पश्चिमी विक्षोभ के असर से वीरवार को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश हुई। इसके अलावा एक-दो जगहों पर ओले भी गिरे। इसके असर से मौसम खुशगवार भी रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मगर, शुक्रवार से तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो 6 व 8 जून को दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, लेकिन इनके प्रभाव से बारिश की संभावना काफी कम है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 2 जून को सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है। मगर, जाते-जाते भी इसने कई जिलों में अपनी मेहरबानी दिखाई। बुधवार रात से वीरवार सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। इस दौरान हिसार जिले में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि इसके बाद दिनभर मौसम साफ रहा।
तापमान में 3.7 डिग्री तक की बढ़ोतरी
इस कारण दिन के तापमान में 3.7 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। बावजूद इसके यह सामान्य से कम रहा। रोहतक में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री रहा, जो कि प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में ज्यादातर जगहों पर गिरावट आई और यह सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। सोनीपत में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।