Lance Naik Narendra Sindhu: दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादी मुठभेड़ में बलिदान देने वाले रोहेड़ा निवासी 28 वर्षीय लांस नायक नरेंद्र सिंधु की अंतिम विदाई में भारी भीड़ जुटी। बुधवार सुबह ही उनका शव पैतृक गांव रोहेड़ा पहुंचा। जिसके बाद बाहर आए लोगों और परिवार को अंतिम दर्शन करवाए गए। बता दें की नरेंद्र सिंधु की पार्थिव देह घर आते ही चचेरे भाई का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई।नरेंद्र के बलिदान के बाद उनकी मां रोशनी देवी गुमसुम हैं। मां ने नम आंखों से कहा बचपन में बेटा कहता था कि बड़ा होकर सेना में जाऊंगा, और उसने अपना सपना पूरा कर लिया। वहीं, शहीद की बहन पूनम ने बताया कि रक्षाबंधन पर उन्होंने नरेंद्र से सोने की चेन मांगी थी, लेकिन अब यह ख्वाहिश अधूरी रह गई। चर्चा है कि नरेंद्र की सगाई हो गई थी, लेकिन उनके पिता दलबीर सिंह ने इस बात को नकारते हुए कहा कि अक्तूबर माह में नरेंद्र के छुट्टी पर आने के बाद शादी की बात शुरू होनी थी।
राष्ट्रीय राइफल के लांस नायक नरेंद्र सिंह शामिल
हरियाणा के कैथल के रोहेड़ा गांव निवासी लांस नायक नरेंद्र सिंह सिंधु का बीते सोमवार की सुबह दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में बलिदान हो गया। आंतकवादियों से हुई मुठभेड़ के दौरान उन्हें गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को तुरंत श्रीनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरक्षा बल सोमवार की सुबह गुड्डर के जंगलों में आतंकियों की मौजूदगी के आधार पर तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान वहां छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की जवाबी फायरिंग में दो आतंकी मारे गए। मुठभेड़ में दो जवान भी बलिदान हो गए। इनमें राष्ट्रीय राइफल के लांस नायक नरेंद्र सिंह शामिल हैं।
सीएम सैनी ने भी शहीद जवान को लेकर X पर किया पोस्ट
वहीं, सीएम सैनी ने भी शहीद जवान को लेकर X पर पोस्ट करते हुए लिखा। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए, हरियाणा की माटी के वीर सपूत, गांव रोहेड़ा (कैथल) निवासी शहीद लांसनायक नरेंद्र सिंधु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। दु:ख की इस कठिन घड़ी में हम सब शहीद के शोकाकुल परिवार के साथ एकजुट हैं। मातृभूमि की सेवा में उनका यह बलिदान सदैव याद किया जाता रहेगा।