उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) के छठे चरण के लिए आज 10 जिलों की 57 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। इस बीच सीएम योगी (CM Yogi) ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर रोड स्थित प्राथमिक कन्या पाठशाला पर पहुंचकर मतदान किया है। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह दावा किया कि 80 फीसदी सीटें बीजेपी की ही आएंगी और 20 फीसदी सीटें विपक्ष में बंटेंगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे खुद भी मतदान करें और सभी मतदाताओं को मतदान करने के लिए भी प्रेरित करें। बता दें कि छठे चरण में हाई प्रोफाइल गोरखपुर सदर सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कुशीनगर के तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वाले फाजिलनगर सीट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वर्ष 2017 के पिछले विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के इन 10 जिलों में 56.52 फीसदी मतदान हुआ था। चुनाव के पहले पांच चरणों में 2017 के चुनाव के मुकाबले मतदान प्रतिशत में गिरावट आई है। ऐसे में चुनाव आयोग ने पूरी कोशिश की है कि छठवें चरण में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो।
12:26 PM- महराजगंज में 11 बजे तक 21.5 प्रतिशत मतदान
महराजगंज में शुरुआती दौर में मतदान धीमा ही है, लेकिन बूथों पर लंबी लाइन लगी है। जिले में 11 बजे तक 21.5 फीसदी मतदान हुआ है। सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान की शुरुआती गति धीमी रही। पहले दो घंटे में 8.75 फीसदी वोट पड़े। इसके बाद के दो घंटों में रफ्तार कुछ बढ़ी और 11 बजे तक मतदान 21.5 फीसदी हो गया। इसमें सदर विधानसभा में 25 फीसदी और सबसे कम 18.5 सिसवा में वोटिंग हुई।
12:19 PM- जनता अभी चूकी तो पांच साल की मेहनत पर पानी फिर जाएगा- CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से सरकार चुनने में सही निर्णय लेने की अपील करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अगर इस घड़ी में चूक हुई तो पांच साल की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 249 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह सात बजे ही बूथ पर पहुंचे मुख्यमंत्री अपने बूथ के पहले मतदाता भी बने।
12:14 PM- विधानसभा चुनाव में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है भाजपा- राजभर
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस चुनाव में अब अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। राजभर ने आज यानी बृहस्पतिवार को रसड़ा क्षेत्र में सपरिवार मतदान करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
12:13 PM- उप्र विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत 11 बजे तक करीब 22 प्रतिशत मतदान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत बृहस्पतिवार को जारी मतदान के दौरान पूर्वाह्न 11 बजे तक 21.79 फीसद लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव के छठे चरण के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी वाले गोरखपुर सदर समेत 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शुरू हो गया था।
11:55 AM- सिद्धार्थनगर में सबसे ज्यादा हुआ मतदान
11:37 AM- अखिलेश यादव का ट्वीट
11:34 AM- देवरिया में सपा भाजपा समर्थकों के बीच झगड़ा, पांच घायल
उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र में बुधवार देर रात समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों के बीच हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गये है जिनमें दो को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
10:48 AM- गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन का बयान
10:44 AM- बलिया में नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने किया मतदान
बलिया में प्राविगोसाईपुर बूथ पर नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने किया मतदान
10:41 AM- बीजेपी को मिलेंगी 300 से ज्यादा सीटें- रवि किशन
गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा, 'पूर्वांचल क्षेत्र में मतदान ऐतिहासिक होगा। बीजेपी को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। राम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। अब यूपी की जनता ने यहां 'राम राज्य' बनाने का फैसला कर लिया है
10:00 AM- हताशा में अभद्रता और हिंसा पर उतरे विरोधी- मायावती
09:59 AM- छठे चरण में छक्का, सातवें में बनेगा रिकॉर्ड- CM योगी
इस बीच सीएम योगी ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर रोड स्थित प्राथमिक कन्या पाठशाला पर पहुंचकर अपना मतदान किया। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने यह दावा किया कि 80 फीसदी सीटें बीजेपी की आएंगी और 20 फीसदी सीटों का विपक्ष में बंटवारा होगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे खुद भी मतदान करें और सभी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। सीएम ने कहा कि राजनीति को कुछ लोगों ने वंशवाद, भ्रष्टाचार, माफियावाद और आतंकवाद के समर्थन का पर्याय बनाने की कोशिश की है। अगर हमें इस विकृति से बाहर निकलना है, वंशवाद, जातिपाति और मजहब की राजनीति से बाहर निकलना है तो मतदान करना होगा। उन्होंने लोगों से विकास, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा के समर्थन में मतदान की अपील की।
09:36 AM-यूपी में सुबह नौ बजे तक 8.69 फीसदी मतदान हुआ
अंबेडकर नगर - 9.54 फीसदी मतदान
बिया - 7.59 प्रतिशत मतदान
बलरामपुर - 8.10 फीसदी मतदान
बस्ती - 9.83 प्रतिशत मतदान
देवरिया - 8.44 फीसदी मतदान
गोरखपुर - 8.92 प्रतिशत मतदान
कुशीनगर - 9.69 फीसदी वोटिंग
महराजगंज - 8.90 प्रतिशत मतदान
संतकबीर नगर - 6.76 फीसदी वोटिंग
सिद्धार्थनगर - 8.24 प्रतिश मतदान
08:35 AM- सतीश द्विवेदी ने डाला वोट
08:07 AM- आपका मत लोकतंत्र की ताकत, मतदान जरूर करें-पीएम मोदी
08:04 AM- पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं CM योगी
सीएम योगी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसके पहले वह गोरखपुर से ही पांच बार बीजेपी के सांसद रहे चुके हैं। 2017 में सीएम बनने के बाद उन्होंने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। यूपी विधानसभा चुनाव-2022 में यह पहला मौका है जब सीएम योगी विधायक बनने के लिए मैदान में उतरे हैं।
08:00 AM- सीएम योगी ने किया मतदान
सीएम योगी मतदान शुरू होने के दो मिनट पहले ही अपने बूथ पर पहुंच गए। उन्होंने गोरखनाथ क्षेत्र स्थित पर बने मॉडल बूथ पर मतदान किया। इस बूथ पर सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सीएम योगी ने कमरा नंबर चार में बने बूथ पर मतदान किया।
07:13 AM- मतदान शुरू होने से दो मिनट पहले बूथ पर पहुंचे सीएम योगी
06:56 AM- मतदान से पहले सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में की पूजा
06:46 AM- इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
यूपी विधानसभा चुनाव के छठे चरण में जहां गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से खुद सीएम योगी आदित्यनाथ उम्मीदवार हैं वहीं इस चरण में योगी सरकार के मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, श्रीराम चौहान, जय प्रताप सिंह, सूर्य प्रताप शाही, जयप्रकाश निशाद, बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की सीटों पर भी मतदान होना है।
06:46 AM- फाजिलनगर से स्वामी प्रसाद मौर्य मैदान में
इस चरण में हाल में मंत्री पद और भाजपा से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य की किस्मत भी ईवीएम में कैद होने वाली है। वह कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से उम्मीदवार हैं। परसों वहां सपा और भाजपा समर्थकों के बीच मारपीट हो गई थी। कल शाम क्षेत्र में रुपए बांटने के आरोप में पुलिस ने स्वामी प्रसाद के बेटे अशोक मौर्य को थाने पर बैठा लिया था।
06:45 AM- सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव आयोग के निर्देश छठे चरण में मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस और होमगार्ड के साथ ही केंद्रीय बलों के जवानों को भी तैनात किया गया है।
06:45 AM- किस जिले में कितनी सीटों पर होगा मतदान
गोरखपुर जिले की नौ, अंबेडकर नगर जिले की पांच, बलरामपुर जिले की चार, सिद्धार्थनगर जिले की पांच विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके साथ ही बस्ती जिले की पांच, संतकबीरनगर जिले की तीन, महराजगंज की पांच, कुशीनगर, देवरिया और बलिया जिले की सात-सात विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
06:44 AM- इन जिलों में आज होना है मतदान
छठे चरण में सीएम योगी की कर्मभूमि गोरखपुर समेत अंबेडकर नगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीरनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और बलिया जिले में वोट डाले जाएंगे।