UP Budget 2026–27: 11 फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार ने अपना बजट पेश कर दिया है। योगी सरकार का यह 10वां बजट है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश किया। बताया जा रहा है कि यह प्रदेश के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। यूपी बजट 2025–26, 8 लाख 8 हजार 736 करोड़ 6 लाख रुपये का था, जो वर्ष 2024–25 के बजट से 9.8 प्रतिशत अधिक है। वहीं, अब वर्ष 2026-27 का 9 लाख 12 हजार 696.35 करोड़ रुपये है, जो 2025-26 की तुलना में 12.9% अधिक है। इस बजट में किसानों के लिए कई बेहतरीन घोषणा की गई हैं, जिससे किसानों में खुशी की लहर है। कुल मिलाकर यूपी सरकार ने अपने बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा है और कई बड़े ऐलान किए हैं जो लोगों के लिए लाभकारी व कल्याणकारी साबित होंगे।
यूपी के बजट में किसानों के लिए क्या?
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश, कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा उत्पादन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का योगदान सर्वाधिक है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार के अब तक के कार्यकाल में 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक के रिकार्ड गन्ना मूल्य का भुगतान कराया गया है। यह भुगतान इसके पूर्व के 22 वर्षों के सम्मिलित गन्ना मूल्य भुगतान 2,13,519 करोड़ रुपये से भी 90,802 करोड़ रुपये अधिक है।
- पेराई सत्र 2025-2026 हेतु गन्ना मूल्य की दरों में 30 रूपये प्रति कुंतल की वृद्धि की गयी है। इस बढ़ोत्तरी से गन्ना किसानों को लगभग 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त गन्ना मूल्य भुगतान प्राप्त होगा।
- रबी विपणन वर्ष 2025-2026 में कृषकों से 10.27 लाख मीट्रिक टन गेंहू का क्रय करते हुए 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
- खरीफ विपणन वर्ष 2025-2026 में कृषकों से 42.96 लाख मीट्रिक टन धान का क्रय करते हुए 9,710 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।
- खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 54,253 कृषकों से 2.14 लाख मीट्रिक टन बाजरा क्रय करते हुए कृषकों को 595 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
किसान एग्री हब बन रहा
लखनऊ के गोमतीनगर में किसान एग्री हब का निर्माण चल रहा है. कृषकों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के कार्यक्रम चल रहे।
फ्री विद्युत आपूर्ति दी जा रही
नलकूपों से सिंचाई के लिए किसानों को 1 अप्रैल, 2023 से मुफ्त विद्युत आपूर्ति प्रदान की जा रही है।
ये लाभ भी मिले किसानों को
- वर्ष 2025-2026 में अल्पकालिक फसली ऋण वितरण के अंतर्गत 19 दिसंबर, 2025 तक 10,257 करोड़ रुपये का ऋण वितरण कर 15 लाख 1 हजार कृषकों को लाभान्वित किया गया।
- वर्ष 2025-2026 में दीर्घकालिक ऋण वितरण के लक्ष्य रुपये 600 करोड़ के सापेक्ष दिनांक 30 नवंबर, 2025 तक 205 करोड़ रुपये का ऋण वितरण कर 6,870 कृषकों को लाभान्वित किया गया।
- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत 2017-2018 से 2024-2025 तक लगभग 62 लाख कृषकों को 5,110 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया गया।
- वर्ष 2025-2026 में खरीफ के अन्तर्गत माह दिसम्बर, 2025 तक 2.69 लाख बीमित कृषकों को 215 करोड़ रूपये की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-2026 में माह दिसंबर, 2025 तक 3.12 करोड़ कृषकों को लगभग 94,668 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से कृषकों के खातों में हस्तान्तरित की गयी।