UP Budget 2026: आज सदन में पेश होने वाले बजट में चुनाव की झलक दिखाई देगी। करीब 9 से 9.5 लाख करोड़ के बजट में निवेश, रोजगार, बुनियादी विकास और कल्याणकारी योजनाओं की मद में सबसे अधिक धनराशि का आवंटन होगा। बजट का एक चौथाई हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर की मद में होगा।जनकल्याण की योजनाओं के तहत निराश्रित महिलाओं और वृद्धजनों की पेंशन में 500 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने और शी-मार्ट योजना को भी बजट में जगह मिल सकती है। मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने का वादा इस साल पूरा होने की संभावना है। इसके अलावा 1.43 लाख शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 17 से 20 हजार रुपये किए जाने का प्रस्ताव है, जिसके लिए 250 से 275 करोड़ रुपये बजट में रखे जा सकते हैं।
बजट में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण को भी बड़ा पैकेज मिलने की उम्मीद
आज के इस बजट में सरकार बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) को भी बड़ा पैकेज दे सकती है। बीडा के तहत कुल 56 हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है। इसमें से 23 हजार एकड़ से अधिक अभी बाकी है। इसके लिए बजट में विशेष प्रावधान संभव है।प्रदेश में नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के लिए 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा आवंटन हो सकता है। लखनऊ-आगरा और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने की योजना को गति मिलेगी। साथ ही जेवर एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे और चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे को भी राशि दी जा सकती है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने आराध्य का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह आखिरी पूर्ण बजट होगा, जिसे सरकार ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में है। बजट का मुख्य फोकस क्षेत्रीय विकास पर रहेगा। खासतौर पर पूर्वांचल और बुंदेलखंड के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं। दोनों क्षेत्रों के लिए विकास निधि में लगभग 1900 करोड़ रुपये दिए जाने की संभावना है, जो पिछले साल से करीब 700 करोड़ रुपये अधिक है। इससे 37 पिछड़े जिलों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। वर्ष 2026-27 बजट की प्रस्तुति से पहले वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने आराध्य का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। प्रदेश की समृद्धि, विकास और समस्त प्रदेशवासियों के सुख-शांति एवं कल्याण की मंगलकामना की।