हरियाणा (Haryana) के बहादुरगढ़ (Bahadurgarh) शहर में नजफगढ़ रोड पर बस स्टैंड के नजदीक एक दर्दनाक हादसे खबर सामने आई है। यहां एक निजी अस्पताल का बोर्ड लगाते वक्त करंट का झटका लगने से एक श्रमिक तीसरी मंजिल से गिर गया। गंभीर चोट आने के कारण उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के बयान पर इस संबंध में अस्पताल संचालक और प्रिंटिंग प्रेस संचालक ( ठेकेदार ) के खिलाफ धारा 304 के तहत सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
मृतक की पहचान करीब 23 वर्षीय बैजनाथ के रूप में हुई है। बैजनाथ समस्तीपुर ( बिहार ) का रहने वाला था। पिछले कुछ समय से दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था। वह उत्तम नगर के प्रिंटिंग प्रेस संचालक देवेंद्र के पास काम करता था। फ्लैक्स बोर्ड लगता था। गुरुवार की देर शाम को बैजनाथ यहां बहादुरगढ़ में नजफगढ़ रोड स्थित सनसूर्या अस्पताल का फ्लैक्स लगाने आया था। चर्चा है कि जब वह तीसरी मंजिल पर फ्लैक्स लगा रहा था तो अचानक उसे करंट का जोरदार झटका लगा और वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। इस दौरान उसे काफी चोट आई। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही दिल्ली से परिजन बहादुरगढ़ पहुंचे। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों के बयान के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस पर बड़े भाई ऋषि कपूर दास ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण उसके भाई बैजनाथ की जान गई है। इसके पीछे ठेकेदार देवेंद्र और डॉ. राजगनी की लापरवाही है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। सिटी थाने से मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र कुमार ने कहा कि करंट लगने से एक युवक नीचे गिर गया था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों के बयान पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच चल रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।