उत्तर भारत में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। आने वाले कुछ दिनों में राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। कई राज्यों में चिलचिलाती धूप के कारण दिन के समय लोगों अपने घरों में कैद होना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिन में तपिश और बढ़ जाएगी। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कई राज्यों में लू और आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों लू अधिक हो सकती है। वहीं कुछ राज्यों में हल्की बारिश का अनुमान भी जताया गया है।
बात करें देश की राजधानी की तो फिलहाल दिल्ली में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में इस सप्ताह तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक रहने के आसार हैं। 25 से 30 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।
कुल मिलाकर बताया जाए तो आने वाले दिनों में कई राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा, तो कई राज्यों में हल्की बारिश के साथ मौसम सुहाना बना रहेगा।