Shimla Mountain Landslide: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भारी बारिश के बीच भूस्खलन का भयानक वीडियो सामने आया है। शिमला में रोहड़ू उपमंडल के दूरदराज गांव जांगलिख में अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक गया। भारी भूस्खलन होने से सुंदरू खड्ड का पानी रुक गया है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा खड्ड में गिरने के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हुआ है। वहीं, भूस्खलन से रास्तों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई है। कई पेड़ भी जड़ समेत उखड़ गए हैं।
खड्ड का बहाव रुकने से हो सकता है खतरा
जांगलिख में हुए भूस्खलन के बाद आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। खड्ड में मलबा गिरने से पानी का बहाव बाधित होने से खतरा बन गया है। यदि खड्ड में पानी जमा होता है तो दबाव बढ़ने से परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं।
भूस्खलन से ग्रामीणों की आवाजाही भी प्रभावित
भूस्खलन के कारण क्षेत्र में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूरदराज का इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्यों के साथ प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में मौके पर स्थिति का जायजा लेना और खड्ड में पानी के बहाव पर नजर रखना महत्वपूर्ण है।
मौसम दिखा रहा कड़े तेवर
लगातार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और खड्ड-नालों में मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विशेषज्ञों ने 29 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का अंदेशा जताया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश से कई जगह सड़कों पर पत्थर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
किन्नौर में एनएच पर आया मलबा
बीते कल किन्नौर में पागलनाला के पास एनएच-5 पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया था, इस कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा था। एक कार भी मलबे की चपेट में आ गई थी। हालांकि गनीमत रही कि इसमें सवार लोगों को चोटें नहीं आईं।