कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोविड-19 महामारी के दौर में रैलियां करने को लेकर निशाना साधा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े लोगों ने पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने कहा था कि जब जनता की जान बचाने की जरूरत है, तब प्रधानमंत्री चुनावी रैलियां कर हंस रहे हैं।
इस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सहयोगी आदित्य त्रिवेदी ने कहा, "प्रियंका गांधी की जानकारी बहुत सीमित है। असम में समय से पहले चाय की पत्ती तोड़ने चली गईं और बंगाल में तो किसी ने बुलाया नहीं है। प्रियंका गांधी को जानकारी होनी चाहिए कि भाजपा ने अपनी जनसभाओं में संख्या कम करने का निर्णय ले लिया है और साथ ही 6 करोड़ मास्क बांटने का भी लक्ष्य रखा है।"
दरअसल, प्रियंका गांधी ने कहा था, 'कोरोना की वैश्विक महामारी के दौरान लोग इलाज के अभाव में मर रहे हैं। सरकार का फोकस स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने पर होना चाहिए था। यह वक्त चुनावी रैलियां करने का नहीं है। ऐसे समय में जब प्रधानमंत्री मोदी को पीड़ित जनता के आंसू पोंछना चाहिए था, इस महामारी से जनता को बचाना चाहिए था, तब वो रैलियां कर रहे हैं और चुनावी सभाओं में हंसते नजर आ रहे हैं।'
वहीं, कांग्रेस की महासचिव के इस बयान पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के ऑफिस ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रियंका को जानकारी का अभाव है। उन्हें पता नहीं है कि भाजपा अब 500-500 लोगों की छोटी सभाएं कर रही है।