Sonipat Youth Lucknow Fire Death: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने हरियाणा के सोनीपत जिले के युवक भविष्य शर्मा (23) की भी मौत हो गई। खरखौदा क्षेत्र के गांव महिपुर निवासी भविष्य शर्मा ने एनिमेशन का कोर्स किया हुआ था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे लखनऊ स्थित एक एनिमेशन एवं गेमिंग संस्थान में आठ दिन पहले ही नौकरी मिली थी।
परिवार के लिए यह खुशी का मौका था, क्योंकि इकलौता बेटा भविष्य ने अपने करियर की शुरुआत कर रहा। मगर, नौकरी जॉइन करने के साथ ही अग्निकांड में उसकी मौत हो गई। हादसे के वक्त भविष्य ने अपनी मां को वीडियो कॉल की। मां को उस माहौल दिखाते हुए कहा था-'मां कमरे में आग लग गई है, धुआं ही धुआं भर गया है, अब जिन्दा नहीं बचेंगे।'
इसके बाद कॉल कट गई। कॉल कटते परिवार में हड़कंप मच गया। इसी बीच लखनऊ अग्निकांड की खबर चल गई, जिसे देख परिजन तुरंत लखनऊ रवाना हुए। लखनऊ में पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार को भविष्य का शव गांव लाया गया है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पिता या बहन का नौकरी देने की मांग
भविष्य शर्मा के पिता एक निजी स्कूल में टीचर है, जबकि मां कपड़ों की सिलाई का काम करती हैं। परिवार ने बताया कि भविष्य की बहन भी है, जिसकी शादी की बात चल रही है। भविष्य को बहन की शादी की चितां रहती थी, इसलिए वह लखनऊ में नौकरी करने गया था, ताकि पिता का हाथ बंटा सके। परिवार की मांग है कि भविष्य की बहन या पिता को नौकरी दी जाए।
गांव महिपुर में भी शोक की लहर
भविष्य शर्मा की असमय मौत से गांव महिपुर सहित पूरे खरखौदा क्षेत्र में गहरा दुख है। ग्रामीणों, मित्रों और परिचितों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। गांव के लोगों का कहना है कि भविष्य मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था, जिसने अपने दम पर करियर बनाने की राह चुनी थी। उसकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।