कानपुर (Kanpur) के चकेरी एयरपोर्ट (Chakeri Airport) पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां एक विमान लैंडिंग करते समय तटरक्षक दल का एक विमान अचानक रनवे पर फिसल गया और उसमें आग लग गई। हालांकि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। मंगलवार को हुए इस हादसे का वीडियो भी वायरल हो गया है।
चकेरी एयरपोर्ट निदेशक बीके झा के अनुसार, चेन्नई से कानपुर आ रहे डोजियर विमान की लैंडिंग के समय उसका बायां इंजन फेल हो गया था। इसके बाद विमान ने अपना संतुलन खो दिया और रनवे के किनारे चलता चला गया। फिर किसी लोहे की वस्तु से टकराकर अपने आप रुक गया। विमान में आग लगने की घटना भी सामने आई है। इसके बाद विमान में सवार पायलट और वायु सेना के जवानों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
हादसे का वीडियो भी सामने आ गया है, जिसमें विमान रनवे पर कुछ दूर तक चलकर अनियंत्रित होता हुए नजर आ रहा है। साथ ही विमान दाहिनी तरफ कुछ दूर चलकर एक लोहे के स्टैंड से टकराकर रुकते हुए भी दिखाई दे रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।