Gurugram Murder: दिल्ली से सटे गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से मातम पसरा हुआ है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार के मुखिया नाजिम पर अपनी पत्नी और चार बच्चों को जहर देकर मारने का आरोप है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की. फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है.
एक ही परिवार के 5 लोग खत्म
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना वजीरपुर गांव में हुई, जहां नाजिम अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था. वह मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला था और गुरुग्राम में सैलून चलाकर परिवार का गुजारा करता था. इस दर्दनाक घटना में उसकी 35 वर्षीय पत्नी और चार बच्चों की मौत हो गई. बच्चों की उम्र 14, 12, 10 और 8 साल बताई जा रही है.
जहर देकर ली जान
पुलिस के अनुसार, नाजिम ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहर दिया. इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की. उसने अपनी नस काट ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल में भर्ती आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नाजिम को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उसका इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में यह मामला सामूहिक हत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर नाजिम ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. क्या इसके पीछे आर्थिक तंगी थी या घरेलू विवाद, यह अभी स्पष्ट नहीं है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच की जा रही है.