Haryana Vidhan Sabha Monsoon Session: हरियाणा विधानसभा सत्र का आज गुरुवार, 27 अगस्त को पहला दिन है। पहले दिन ही सदन में भारी बवाल हुआ जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कांग्रेस के 8 विधायकों को सस्पेंड कर दिया। इन विधायकों में इंदु राज नरवाल, विकास सहारण, देवेंद्र हंस, शकुंतला खटक, आदित्य सुरजेवाला, गोकुल सेतिया, जस्सी पेटवाड़ और बलराम दांगी शामिल रहे। विधायक आफताब अहमद को भी स्पीकर ने चेतावनी दी।
स्पीकर ने कहा कि इन सदस्यों का आचरण आज सदन में अशोभनीय रहा और इसके चलते इन्हें आज की कार्यवाही से निलंबित किया जाता है। स्पीकर ने यह भी कहा कि संसदीय कार्य मंत्री ने इन विधायकों के खिलाफ दुर्व्यवहार और अनुचित आचरण की शिकायत पर प्रस्ताव दिया है। इसके चलते इन्हें आज की कार्यवाही से निलंबित किया जाता है।
सदन के वेल में कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी
विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने आगे कहा कि उन्होंने जिन विधायकों को नेम किया है और जिन्हें आज की कार्यवाही से सस्पेंड किया है, वे बाहर जाएं। सस्पेंशन की कार्रवाई के बाद कांग्रेस के कई विधायक स्पीकर की वेल में पहुंचकर नारेबाजी कर रहे हैं।
काले कपड़े पहनकर आए कांग्रेस विधायक
दरअसल, हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए कांग्रेस के विधायक विरोध दर्ज करवाकर पहुंचे। कांग्रेस विधायक हाई कोर्ट चौक से विधानसभा सचिवालय तक पैदल कूच करके सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा तक आए।
कांग्रेस के तमाम विधायक काले कपड़े पहनकर और हाथ में नारे लिखे तख्तियां लेकर विरोध दर्ज करवा रहे थे। इस दौरान विपक्ष के विधायकों ने राम मंदिर में चंदा चोरी, दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, शिक्षा व्यवस्था में खामियों और हरियाणा से जुड़े हुए तमाम मुद्दे उठाए। वहीं, नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के तमाम विधायक काले कपड़े पहनकर सदन में आए।