Delhi Hotel Fire Accident: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने राजधानी को हिलाकर रख दिया है। इस हादसे पर लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रहीं हैं। कई बड़े नेताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और कुछ ने तो घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, कुछ नेता ऐसे भी रहें जो अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं, जिसपर अब सवाल उठने लगे हैं।
किसी भी बड़े हादसे के बाद मुख्यमंत्री या मंत्री या विधायक या किसी भी नेता और अफसर को घटनास्थल का दौरा करते या पीड़ितों से मुलाकात करते देखा जाता है। हालांकि, यह कोई नियम नहीं है, लेकिन ये जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी और घटना को लेकर उनकी गंभीरता को दिखाता है।
घटना के 26 घंटे बाद पीड़ितों से CM रेखा ने की मुलाकात
हालांकि, मालवीय नगर में हुए हादसे के 26 घंटे बाद अस्पताल में पीड़ितों से आज सीएम रेखा गुप्ता ने मुलाकात की। इससे पहले रेखा गुप्ता के बुधवार को घटनास्थल पर ने पहुंचने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा था कि इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का घटना स्थल पर नहीं पहुंचना बेहद असंवेदनशील रवैया दर्शाता है। दिल्ली के डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा ने भी अभी तक घटनास्थल का दौरा नहीं किया है।
नहीं पहुचा AAP का कोई नेता
इसके अलावा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष आतिशी मार्लेना, सौरभ भारद्वाज भी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। या यूं कहें कि अभी तक किसी भी AAP नेता के दौरे की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, AAP नेता सौरभ भारद्वाज और पूर्व विधायक सोमनाथ भारती सहित कई नेताओं ने दुख व्यक्त जरूर किया है।
दिल्ली के मेयर ने भी नहीं किया दौरा
वहीं, दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने मालवीय नगर के जिस होटल में आग लगी थी उसके खिलाफ सख्त एक्शन के आदेश तो दिए हैं, लेकिन उनके द्वारा घटनास्थल के दौरे की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। दिल्ली के वर्तमान उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू की भी घटनास्थलल के दौरे की खबर अभी तक सामने नहीं आई है।
किन नेताओं ने किया दौरा?
हालांकि, कुछ नेताओं ने दौरा किया. सबसे पहले दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को मालवीय नगर में भीषण आग से प्रभावित इलाके का दौरा किया और पीड़ित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैंने घटनास्थल का दौरा किया, अधिकारियों से बातचीत की और स्थिति का स्वयं जायजा लिया। यहां जो कुछ हुआ है, उसकी गंभीरता बेहद चिंताजनक है। मैं सभी को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि इस मामले को किसी भी तरह से हल्के में नहीं लिया जाएगा।"
मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने घटनास्थल का दौरा तो नहीं, लेकिन बुधवार रात AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर हादसे में घायल हुए बहादुर पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह भी साथ रहे। इसके अलावा बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने की खबरें सामने आईं हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में इसे 'बहुत दर्दनाक हादसा' बताया।
देवेंद्र यादव और सत्या शर्मा ने किया घटनास्थल का दौरा
वहीं, इस हादसे के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेताओं के साथ मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हादसे के लिए सरकार, नगर निगम, फायर विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की कथित मिलीभगत को जिम्मेदार ठहराया। इसके अलावा MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने MCD कमिश्नर के साथ मालवीय नगर में आग लगने वाली जगह का दौरा किया।