Pawan Rana Haryana: बीजेपी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के संगठन महामंत्रियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। इस बदलाव में पवन राणा को दिल्ली के साथ हरियाणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, हरियाणा में यह जिम्मेदारी संभाल रहे फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड भेजा गया है। पवन राणा हिमाचल प्रदेश से आने वाले बीजेपी के संगठनात्मक नेता हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। वह भाजपा में चुनावी राजनीति से अलग संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे कामों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।
कौन हैं पवन राणा ?
पवन राणा हिमाचल के कांगड़ा जिला के रहने वाले हैं। ज्वालाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव लगडू के निवासी पवन राणा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी संगठनात्मक क्षमता का लोहा मनवाया है। हिमाचल प्रदेश और देश की राजधानी दिल्ली में महामंत्री संगठन के रूप में अपनी सफल पारी खेलने के बाद, अब पार्टी ने उन्हें हरियाणा जैसे महत्त्वपूर्ण और सियासी रूप से जटिल राज्य में महामंत्री संगठन की कमान सौंपी है।
दिल्ली में संभाली संगठन की कमान
दिल्ली बीजेपी के संगठन महामंत्री के रूप में राणा पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और ई-विस्तारक योजना से जुड़े कार्यक्रमों में काम किया। बीजेपी दिल्ली के एक आधिकारिक कार्यक्रम में भी राणा ने ई-विस्तारक योजना और दिल्ली के शक्ति केंद्रों से जुड़े प्रशिक्षण की जानकारी दी थी। बीजेपी के ताजा फेरबदल में पवन राणा को दिल्ली और हरियाणा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र दिल्ली रहेगा। बीजेपी के संगठन महामंत्री का पद पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण माना जाता है। इस पद पर आमतौर पर RSS पृष्ठभूमि वाले नेताओं को जिम्मेदारी दी जाती है।
हिमाचल से दिल्ली और अब हरियाणा तक सफर
पवन राणा की संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सिलसिला हिमाचल प्रदेश से शुरू होकर दिल्ली और अब हरियाणा तक पहुंचा है। 2023 में दिल्ली की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने राजधानी में संगठन को लेकर काम किया और अब उन्हें दिल्ली के साथ हरियाणा की जिम्मेदारी भी दी गई है।