Babita Pandey missing: दयारा ट्रेक पर रहस्यमय ढंग से लापता हुई ग्राम चिल्किया नैनीताल निवासी बबीता पांडे की गुमशुदगी को एक महीना हो चुका है। लेकिन, लापता बबीता के बारे में अब तक कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बबीता की तलाश को पुलिस सहित अन्य एजेंसियों ने दयारा क्षेत्र में कई दिनों तक गहन सर्च आपरेशन चलाया। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। बावजूद इसके पुलिस सहित अन्य एजेंसियों के हाथ खाली हैं।
रहस्यमय ढंग से हो गई थी लापता
बता दें कि बीते 29 मई को 24 वर्षीय एमबीए छात्रा बबीता पांडे अपने दो पुरुष मित्रों के साथ दयारा बुग्याल की ट्रेक पर रवाना हुई थी, जहां वह दयारा के पड़ाव गोई बेस कैंप से मध्य रात्रि को रहस्यमय ढंग से लापता हो गई।
उसके साथियों ने उसकी गुमशुदगी के संबंध में आपातकालीन 112 नंबर पर अगले दिन शाम करीब आठ बजे सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस, एसओजी, वन विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ आदि ने गहन सर्च आपरेशन चलाया। इस आपरेशन में आइटीबीपी, सेना की भी मदद ली गई, साथ ही खोजी कुत्ते भी उतारे गए।
बाद में करीब 35 मिनट तक हेलीकाप्टर से भी क्षेत्र का हवाई सर्वे किया गया। पुलिस, वन विभाग की टीमों ने भालुओं के संभावित ठिकानों व काली गुफाओं में भी पड़ताल की। लेकिन बबीता का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। हालांकि पुलिस का कहना था कि उसकी अंतिम लोकेशन गोई से 200 मीटर नीचे मिली थी। इस दौरान गोई की करीब छह-सात फीट गहरी झील की भी दो बार पड़ताल की गई, जिसमें एक बार तो वाटर पंप लगाकर झील पूरी तरह से खाली की गई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बबीता की तलाश को पुलिस की कुछ टीमें मैदानी क्षेत्रों ऋषिकेश, देहरादून व हरिद्वार को रवाना हुई हैं, जो अभी वापस नहीं लौटी हैं। इसके अलावा उसकी तलाश को नियमित अंतराल पर दयारा क्षेत्र में भी सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है, साथ ही बबीता की गुमशुदगी से संबंधित कुछ पंफलेट भी जगह-जगह वितरित किए गए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे लापता बबीता के संबंध में कुछ न कुछ जानकारी अवश्य मिलेगी।
स्वजन ने की सीबीआई जांच की मांग
स्वजन ने रहस्यमय ढंग से लापता बबीता पांडे की गुमशुदगी की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। बबीता के भाई हर्षित पांडे ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर लिखा कि आज तक उसकी लापता बहन के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है। हर्षित ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की मांग करते हुए लापता बहन की तलाश को सीबीआई से जांच कराने की मांग की।