Vayuputra Movie: साउथ फिल्म 'थंडेल' के निर्देशक चंदू मुंडेटी ने आज सोशल मीडिया पर अपनी आगामी फिल्म 'वायुपुत्र' का पहला पोस्टर साझा किया और इसे अपने बचपन का सपना बताया। साथ ही उन्होंने भगवान राम, हनुमान, ऋषि वाल्मीकि और अपने परिवार को धन्यवाद दिया। बता दें की निर्देशक चंदू मुंडेटी ने आज इंस्टाग्राम पर फिल्म 'वायुपुत्र' का पहला पोस्ट शेयर किया। इस पोस्टर में भगवान श्री राम के परम भक्त हनुमान की तस्वीर साफ नजर आ रही है। वह पीठ घुमाए खड़े हैं और पूरा दृश्य आग की लपटों की वजह से और भी ज्यादा खौफनाक लग रहा है। पोस्टर में हनुमान को एक पहाड़ पर खड़े दिखाया गया है, जो लंका को जलते देख रहे हैं। इस पोस्ट के साथ चंदू ने कैप्शन में लिखा, 'वायुपुत्र - सिर्फ एक फिल्म नहीं, एक पवित्र तमाशा। इस कहानी को बताने के लिए तैयार, हमारे इतिहास की आत्मा, हमारे इतिहास के पन्ने एक बचपन का सपना। भगवान श्रीराम, भगवान हनुमान, ऋषि वाल्मीकि, मेरे परिवार का धन्यवाद, गरु का धन्यवाद। जयश्रीराम। जयहनुमान।'
फिल्म को लेकर सेलेब्स से लेकर फैंस ने दी शुभकामनाएं
चंदू मुंडेटी की आगामी 3डी एनिमेटेड फिल्म को लेकर सेलेब्स से लेकर फैंस तक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। साउथ एक्टर नागा चैतन्य ने लिखा, 'मेरे प्यारे चंदू को शुभकामनाएं.. यह ब्लॉकबस्टर लग रही है', एक फैन ने लिखा, 'आपको बहुत बहुत बधाई सर', एक और फैन ने लिखा, 'बड़े पर्दे पर एक और 'महावतार नरसिम्हा' जैसी फिल्म देखने का बेसब्री से इंतजार है।'
'वायुपुत्र' हनुमान की भक्ति और शक्ति की कहानी
'वायुपुत्र' हनुमान की भक्ति और शक्ति की कहानी है, जो भारतीय इतिहास और संस्कृति से प्रेरित है। यह फिल्म भव्य 3D दृश्यों के साथ आस्था और वीरता को दर्शाएगी। इसे तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज की जाएगी। निर्माताओं का कहना है कि यह फिल्म सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव होगी, जो दर्शकों को भक्ति और साहस की दुनिया में ले जाएगी। चंदू मुंडेटी और निर्माता नागा वामसी की यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए तैयार है।