Monsoon Session: अब तक संसद के मानसून सत्र की ज्यादातर कार्यवाही हंगामे की भेंट ही चढ़ी है। विपक्ष मतदाता सूची पुनरीक्षण, कथित 'वोट चोरी' जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाए हुए हैं। आज भी संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हो रहा है। बता दें की सदन में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की प्रणाली को लागू करने के लिए दो विधेयकों की जांच कर रही संसदीय समिति को मंगलवार को शीतकालीन सत्र के अंतिम सप्ताह तक का नया विस्तार दिया गया।
राहुल गांधी समेत प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर किया हमला
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर हमला बोला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं। एक व्यक्ति, एक वोट संविधान की नींव है। एक व्यक्ति, एक वोट को लागू करना चुनाव आयोग का काम है, लेकिन आयोग अपना काम नहीं कर रहा है। हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं और करते रहेंगे। कई सीटें हैं। यह राष्ट्रीय स्तर पर व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। चुनाव आयोग यह जानता है और हम भी जानते हैं। पहले कोई सबूत नहीं था, लेकिन अब हमारे पास सबूत हैं। हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं और हम इसे करते रहेंगे। हम रुकेंगे नहीं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कैसे सभी फर्जी वोट, फर्जी नाम और पते के साथ जोड़े गए हैं। सब कुछ फर्जी है।
कांग्रेस ने लोकसभा में जबरन पारित कराने के लिए सरकार की आलोचना की
कांग्रेस ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 को लोकसभा में जबरन पारित कराने के लिए सरकार की आलोचना की। पार्टी ने दावा किया कि इस विधेयक से खेल प्रशासन का अत्यधिक केंद्रीकरण होगा। कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को सबसे ज्यादा विशेषाधिकार प्राप्त होगा, न कि आरटीआई जैसे देश के किसी भी कानून के अधीन। बिहार में मतदाता सूची में संशोधन को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक सोमवार को लोकसभा में पारित हो गया। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक भी लोकसभा में पारित हो गया था। हंगामे के बीच विधेयकों को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया था।