Ranchi Student Protest: झारखंड में अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए हजारों छात्रों ने विधानसभा घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने उन पर वाटर कैनन चलाया, लेकिन छात्र वाटर कैनन की तरफ की भागे और नाचने लगे। झारखंड में जेपीएससी 14वीं की प्रारंभिक परीक्षा समेत अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हजारों अभ्यर्थियों ने सोमवार सुबह रांची में राज्य विधानसभा कूच किया। हजारों की संख्या में छात्रों ने पुलिस द्वारा लगाए गए 6 बैरिकेड तोड़ डाले। छात्रों को प्रदर्शन करते हुए लगातार आगे बढ़ते देख पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन छात्र कैनन की ओर ही भागने लगे। वीडियो में छात्रों को वाटर कैनन पर नाचते हुए देखा जा सकता है।
बता दें कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर छात्र पिछले 16 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। एक दिन पहले छात्रों और सरकार के बीच तीन दिनों तक मैराथन बैठक भी चली लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। छात्रों की भीड़ पर काबू के लिए पुलिस बल ने वाटर कैनन से पानी फेंका लेकिन छात्र रुकने और पीछे हटने के बजाय वाटर कैनन की तरफ की भागे और नाचने लगे।
देवेंद्र महतो भी विधानसभा घेराव में पहुंचे
नौ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता देवेंद्र नाथ महतो एंबुलेंस में बैठकर इस मार्च में शामिल हुए। भूख हड़ताल पर बैठे महतो का 10.5 किलोग्राम वजन घट गया है। इस दौरान वह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लिए हुए नजर आए।
विधानसभा की दीवार तक पहुंचे आंदोलनकारी छात्र
हजारों की संख्या में छात्र 6 बैरिकेड्स को तोड़ते हुए आगे बढ़े। खबर लिखे जाने तक छात्रों को जब सातवें बैरिकेड के पास पुलिस बल ने रोकने का प्रयास किया तो वे खेतों से होते हुए विधानसभा की दीवार तरफ बढ़ गए।
किसी छात्र के साथ अहित न हो
सरकार की ओर से कहा गया है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान किसी का अहित न हो और किसी छात्र पर अनावश्यक कार्रवाई न की जाए। घेराव शांतिपूर्ण रखने की भी अपील की गयी है। इस घेराव मार्च को एआईएसएफ और एआईवाईएफ ने भी समर्थन दिया है
ईडी ने जांच शुरू की
ईडी ने झारखंड में कई भर्ती परीक्षाओं के आयोजन में कथित अनियमितताओं, खासकर जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) द्वारा दर्ज प्राथमिकी और कुछ अन्य शिकायतों का संज्ञान लेते हुए धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की है।