Kuldeep Yadav Engagement: भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने निजी जीवन में एक नई पारी की शुरुआत की है। बुधवार को लखनऊ स्थित एक होटल में कुलदीप यादव ने सगाई कर ली। उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से सगाई की है। लखनऊ के एक होटल में हुआ यह सगाई समारोह का आयोजन बेहद निजी रहा। समारोह में सिर्फ करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों को ही बुलाया गया था। समारोह बेहद निजी और पारंपरिक अंदाज में हुआ। सगाई समारोह में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह समेत कई क्रिकेटर भी पहुंचे।
कुलदीप वंशिका की सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
सगाई समारोह में क्रिकेटर कुलदीप यादव ने ऑफ व्हाइट कलर की बंदगला शेरवानी पहनी हुई थी। इसमें वह काफी रॉयल लुक में दिखे। वहीं, वंशिका ने नारंगी रंग का भारी लहंगा पहना था। वह इस लहंगे में बेहद सुंदर दिखाई दे रही हैं। कुलदीप वंशिका की सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही हैं।आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलने वाले स्टार स्पिनर कुलदीप ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करके 15 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने बुधवार को लखनऊ में बेहद शांत तरीके से सगाई की।
कुलदीप यादव और वंशिका बचपन के दोस्त
कानपुर के श्यामनगर लालबंगला निवासी वंशिका के पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वहीं, वंशिका इस समय ऑस्ट्रेलिया में जॉब करती हैं। करीबी मित्र ने बताया कि सेंट मैरी से 2017 में वंशिका ने 12वीं पास की थी। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई और जॉब के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गई थीं। कुलदीप यादव और वंशिका बचपन के दोस्त हैं। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और अब दोनों ने सगाई की है। पहले जून में ही सगाई के बाद दोनों की शादी होनी थी, लेकिन कुलदीप के इंग्लैंड दौरे के लिए चुने जाने के कारण अब शादी बाद में होगी।