Indian Army Vehicle Crash: जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में बड़ी अनहोनी हुई है। भारतीय सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 10 जवानों की जान चली गई और 7 अन्य घायल हो गए। यह घटना गुरुवार को भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुई। अधिकारियों ने बताया कि सेना के बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 17 जवान सवार थे और वे एक ऊंचाई पर स्थित चौकी की ओर जा रहे थे। चालक के नियंत्रण खो देने के कारण वाहन करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ। गुरुवार को सेना के जवान एक ऊंचाई पर स्थित चौकी की ओर जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि अचानक से चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद गाड़ी बेकाबू होकर नीचे खाई में जा गिरा। इस भयानक दुर्घटना में चार सैनिकों की मौके पर ही मौत हो गई। कई अन्य सैनिक घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया।
खराब मौसम के बावजूद बचाव कार्य शुरू
सेना की ओर से बताया कि हादसे के तुरंत बाद सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और मुश्किल इलाके और खराब मौसम के बावजूद बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवानों को मौके पर ही फर्स्ट एड दिया गया और बाद में उन्हें खास मेडिकल इलाज के लिए उधमपुर एयरलिफ्ट किया गया।
कुछ जवानों की हालत नाजुक
बताया गया है कि अस्पताल में भर्ती कराए गए कुछ जवानों की हालत नाजुक बनी हुई है। उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।