Viral Video: अलमारी की एक पुरानी तह, सालों से बंद पड़ा एक कोना और जैसे ही वहां से निकले कुछ नोट, घर में पहले खुशी की लहर दौड़ उठी, फिर अगले ही पल सन्नाटा छा गया। जो रकम कभी मुश्किल वक्त की आस थी, वही अचानक अफसोस की दास्तान बन गई।आखिर ऐसा क्या था उन नोटों में, जिसने इस पूरे किस्से को वायरल बना दिया?
यूं तो कई घरों में आज भी बीवियां चुपचाप थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर अलग रखती हैं। मकसद साफ होता है, कभी मुश्किल वक्त आए तो सहारा मिल जाए। ऐसा ही एक वाकया इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक महिला ने अपने पति से छिपाकर कुछ नकद रकम संभालकर रखी थी। वह चाहती थी कि यह रकम रोजमर्रा के खर्च में खर्च न हो जाए। समय गुजरता गया और घर की जिम्मेदारियों में वह यह बात पूरी तरह भूल गई।
भूली हुई जमा पूंजी की कहानी
सालों बाद जब घर की सफाई के दौरान उसे वह छिपी जगह मिली, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसे लगा जैसे पुराना खजाना मिल गया हो, लेकिन जैसे ही उसने नोटों को गौर से देखा, उसके चेहरे का रंग उड़ गया। दरअसल, वे सारे नोट पुराने 500 और 1000 रुपये के थे, जो 2016 की नोटबंदी, Demonetisation के बाद चलन से बाहर हो चुके हैं। अब वे कानूनी तौर पर किसी काम के नहीं थे। महिला माथे पर हाथ रखकर बैठ गई। उसका अफसोस वीडियो में साफ नजर आता है।
वीडियो हो रहा वायरल
यह वीडियो Instagram Viral Video के तौर पर तेजी से फैल रहा है. बेटी वीडियो में पूरी दास्तान बताती है और माहौल को हल्का रखने की कोशिश करती है, लेकिन मां के चेहरे पर मायूसी साफ झलकती है। भारत में 2016 में हुई नोटबंदी, 500 और 1000 के नोट बंद होने की खबर ने करोड़ों लोगों को प्रभावित किया था। कई लोगों ने समय रहते नोट बदलवा लिए, लेकिन जो रकम भूलकर रख दी गई, वह बेकार हो गई।
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है। जनता टीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता।