Himachal Rain: प्रदेश में सक्रिय मानसून के बीच मंगलवार शाम तक शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व चंबा सहित अन्य स्थानों पर वर्षा हुई।
मंडी जिले में जालंधर-मंडी-अटारी वाया धर्मपुर-कोटली राष्ट्रीय राजमार्ग तीन जगह भूस्खलन से बाधित हो गया। मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर कुछ जगह पत्थर गिर रहे हैं, जबकि पठानकोट-मंडी एनएच पर बिजनी से नारला के बीच भी चट्टानें व मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहा।
ब्यास नदी के उफान पर होने के चलते पंडोह बांध से सोमवार रात और मंगलवार सुबह 9000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। जोगेंद्रनगर उपमंडल की पंचायत कुंडुनी के लोगों ने तहसीलदार रजत सेठी से मुलाकात कर पहाड़ी पर बनी कृत्रिम झील का समाधान निकालने की मांग की।
कुल्लू में सुबह से दोपहर तक हुई मूसलधार वर्षा व जगह-जगह भूस्खलन से ब्यास और पार्वती नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। लाहुल स्पीति में बाढ़ से तांदी-संसारी मार्ग दूसरे दिन भी जाहलमा व कडु नाले में बंद रहा। बीआरओ ने मंगलवार को लोहे की प्लेट बिछाकर लोगों को नाला आर-पार करवाया।
इस दौरान उदयपुर से कुल्लू रेफर किए निमोनिया पीड़ित ढाई साल के मासूम को 108 एंबुलेंस के ईएमटी अनिल सुमती और पायलट शिव प्रकाश ने नाला पार करवाकर सुरक्षित आगे पहुंचाने का प्रयास किया।
किन्नौर जिले के शलखर के समीप बाढ़ से बंद शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 20 घंटे बाद मंगलवार को यातायात के लिए बहाल कर दिया। चंबा जिले में चुवाड़ी से नूरपुर के लिए जाने वाला मार्ग टिक्कर घार में पहाड़ी दरकने से बंद हो गया।
12 घंटे तक बाधित रहे मार्ग
यहां मार्ग का नामोनिशान मिट गया है। मार्ग को बहाल होने में एक सप्ताह का समय लग सकता है। अब चुवाड़ी से नूरपुर जाने के लिए चुवाड़ी वाया ककीरा-दुनेरा मार्ग ही विकल्प रह गया है।
चंबा-भरमौर एनएच पर दुर्गेठी व बत्ती की हट्टी के समीप भारी भूस्खलन हुआ। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बाधित हुआ मार्ग शाम करीब साढ़े चार बजे बहाल हो पाया।
चंबा-तीसा मार्ग पंगोला नाला व कंदला के समीप बंद रहा। सुबह करीब आठ बजे तीसा से चंबा आ रही निजी बस कंदला के समीप मलबे में फंस गई। मशीनरी की मदद से बस को निकाला।
145 सड़क बंद, 43 पेयजल योजनाएं प्रभावित
मार्ग को मंगलवार दोपहर तक बहाल कर दिया था। प्रदेश में 145 बंद सड़कों को खोलने के प्रयास जारी हैं। बाधित 508 डीटीआर ठीक करने का कार्य जारी है। 43 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
- मनाली-कीरतपुर फोरलेन व पठानकोट मंडी एनएच पर गिर रहे पत्थर, चट्टानें और मलबा
- तांदी-संसारी मार्ग दूसरे दिन भी बंद बीआरओ ने लोहे की प्लेट बिछाकर पार करवाए लोग
- उदयपुर से कुल्लू रेफर ढाई साल के मासूम को एंबुलेंस कर्मचारियों ने पार करवाया नाला
- किन्नौर के शलखर में शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग 20 घंटे बाद किया गया बहाल
- चुवाड़ी से नूरपुर जाने वाले मार्ग पर टिक्कर घार में पहाड़ी दरकी, मार्ग का नामोनिशान मिटा
- चंबा-भरमौर एनएच पर दुर्गेठी व बत्ती की हट्टी के समीप भूस्खलन शाम बहाल सड़क