NEET Paper Leak: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का NEET पेपर लीक मामले पर पहली बार बयान सामने आया है। PM मोदी ने NDA संसदीय दल की बैठक में कहा कि "युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।" उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
PM मोदी ने कहा कि पेपर लीक राजनीति का विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को नुकसान न हो, इसलिए री-एग्जाम कराया गया और उसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि सरकार ने मामले में तुरंत कार्रवाई की और छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
आगे ऐसा ना हो, इसका इंतजाम करेंगे: PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ केंद्र सरकार का मामला नहीं है। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी सरकारों और संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए मजबूत व्यवस्था की जाएगी।
CJP के संसद मार्च के बाद आया PM मोदी का बयान
PM मोदी का यह बयान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के बाद आया है, जिसमें विपक्ष के कई सांसद भी शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। इसके बाद दिल्ली पुलिस और RAF ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारी जब संसद के पास पहुंचे तो उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
CJP ने जेपी नड्डा को सौंपा ज्ञापन
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से CJP के सौरव दास और आशुतोष राकां ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच दो दौर की बातचीत हुई, लेकिन सरकार की ओर से किसी भी मांग पर तत्काल आश्वासन नहीं दिया गया।
हालांकि, जेपी नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बातचीत के दौरान जेपी नड्डा ने प्रतिनिधियों से उनकी मांगों के बारे में पूछा। इस पर CJP प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों की सूची बताई। नड्डा ने कहा कि यदि वे चाहते हैं कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करे, तो उन्हें लिखित ज्ञापन सौंपना चाहिए।
इसके बाद CJP के प्रतिनिधियों ने शाम करीब 4 बजे केंद्रीय मंत्री को अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन सौंप दिया