Haryana Weather: हरियाणा में तेजी से मानसून की सक्रियता के चलते कई जिलों में वर्षा हुई। इससे तापमान में गिरावट हुई है। चार डिग्री तक तापमान कम हुआ है। आने वाले दिनों में 18 सितंबर तक लगातार वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों ने मानसून के बादल फिर से छाने की बात कही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार झज्जर, बहादुरगढ़ के अलावा नूंह, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर हथिनी कुंड बैराज, फरीदाबाद और रेवाड़ी आदि क्षेत्र में वर्षा हुई। हिसार में शाम को अचानक से मौसम में बदलाव हो गया।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा जैसलमेर, राजगढ़, बैतूल, गोपालपुर से होती हुई उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी है।
15 सितंबर से मानसून टर्फ एक बार फिर से आने की संभावना
इससे हरियाणा राज्य में मानसून की सक्रियता में कमी बनी हुई है। इसके साथ कुछ नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़ से होते हुए महाराष्ट्र, गुजरात व राजस्थान से भी राज्य की तरफ आ रही है जिससे बीच-बीच में आंशिक बदलवाई बनी है।
मौसम अगले दो दिनों तक परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। परंतु 15 सितंबर से मानसून टर्फ एक बार फिर से राज्य के आसपास आने की संभावना है जिससे मानसून की सक्रियता में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना बन रही है।
राज्य में 15 सितंबर देर रात से 18 सितंबर के दौरान राज्य में ज्यादातर स्थानों पर हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।