Haryana Weather: हरियाणा में इन दिनों पहाड़ी इलाकों जैसी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई शहरों में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट के करीब पहुंच गया है। बुधवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह हरियाणा का सबसे ठंडा शहर बन गया। इसके बाद नारनौल में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिन पहले गुरुग्राम में भी न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री के करीब पहुंच गया था।
हरियाणा में दिन में भी कड़ाके की ठंड जारी
न्यूनतम तापमान के साथ-साथ हरियाणा में अधिकतम तापमान भी लगातार गिर रहा है। दिन में भी ठंड से कोई राहत नहीं मिल रही है। कई शहरों में घना कोहरा भी छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई है। शीतलहर के कारण लोग दिन-रात कांप रहे हैं। बुधवार को हरियाणा के अंबाला में दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ी। वहां अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9 डिग्री कम था। इसके अलावा, करनाल में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री कम था।
हिसार: हरियाणा का सबसे ठंडा शहर
हिसार में दिन और रात का तापमान लगातार गिर रहा है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। हिसार के अलावा, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री, अंबाला में 4.9 डिग्री, करनाल में 3.6 डिग्री, रोहतक में 3.6 डिग्री और फरीदाबाद में 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
चंडीगढ़ में तापमान 4 डिग्री से नीचे
हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री कम है। मंगलवार को चंडीगढ़ में इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जब तापमान गिरकर 2.8 डिग्री सेल्सियस हो गया था। बुधवार को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री कम था।