Gold Price Today: एक तरफ जहां महंगाई की मार ने प्याज और दूध खरीदना मुश्किल कर दिया है, तो वहीं दूसरी तरफ सोना-चांदी लोगों को राहत दे रही है। एक बार फिर आज यानी 3 सितंबर को गोल्ड और सिल्वर के दाम में कटौती हुई है। इन दोनों के ही भाव में बड़ा बदलाव आया है, जो आम आदमी के लिए खुशी की बात है। यहां से आप जान सकते हैं कि आज सोना और चांदी किस भाव पर कारोबार कर रहे हैं।
कितना सस्ता हुआ सोना?
वैश्विक बाजार में कमजोरी के रुख के कारण राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार छठे सत्र में गिरावट जारी रही है। सोना आज 2,100 रुपए टूटकर 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले 24 कैरेट सोने की कीमत 1,58,200 रुपए प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से सीधे 2,100 रुपए टूटकर लगभग तीन सप्ताह के निचले स्तर 1,56,100 रुपए प्रति 10 ग्राम आ गई है।
बता दें कि पिछले छह कारोबारी सत्रों में सोने में 11,000 रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। 25 अगस्त को इसकी कीमत 1,67,100 रुपए थी। सोना आखिरी बार 14 अगस्त को इतना सस्ता देखा गया था, जब इसकी कीमत 1,56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
कितनी सस्ती हुई चांदी?
चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट आई है। आज चांदी सीधे 5,000 रुपए टूटकर 2,35,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। पिछले सत्र में चांदी 2,40,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।