बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन राखी सावंत एक बार फिर से मुसीबत में फंस गई हैं। मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री राखी सावंत को हिरासत में ले लिया। एक एक्ट्रेस की शिकायत के आधार पर राखी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी और इसी सिलसिले में कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया। राखी सावंत पर आरोप है कि उन्होंने कुछ समय पहले मॉडल शर्लिन चोपड़ा की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को सर्कुलेट किया था।
पुलिस के मुताबिक, अभिनेत्री शर्लिन चोपड़ा की शिकायत के बाद राखी सावंत को लगातार पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था, लेकिन वो नहीं आ रहीं थीं। इसके बाद गुरुवार को पुलिस की एक टीम उनके घर गई और उन्हें डिटेन किया और पूछताछ के लिए उन्हें थाने लाए।
अभिनेत्री की शिकायत के बाद मुंबई में अंबोली थाने में सावंत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए, (अवांछित शारीरिक संपर्क के तौर पर यौन उत्पीड़न या पोर्नोग्राफी दिखाते हुए यौन संबंध बनाने का अनुरोध), 509 (किसी महिला की लज्जा भंग करने के उद्देश्य से शब्द, हावभाव या कृत्य) तथा 504 (शांति भंग करने के लिए उकसाने) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
बता दें कि इससे पहले शर्लिन चोपड़ा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक पोस्ट शेयर कर ये जानकारी दी है। शर्लिन ने पोस्ट में लिखा है, “ ब्रेकिंग न्यूज!!! अंबोली पुलिस ने एफआईआर 883/2022 के संबंध में राखी सावंत को गिरफ्तार किया.कल, राखी सावंत के एबीए 1870/2022 को मुंबई सत्र अदालत ने खारिज कर दिया था।