CM Nayab Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रविवार से जापान के दौरे पर रवाना हो रहा है। नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा है। इस दौरे का मुख्य उद्देय हरियाणा में पहले से चल रही जापानी कंपनियों को विस्तार के लिए प्रोत्साहित करना तथा नए पूंजी निवेश को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री की अगुवाई वाला यह शिष्टमंडल आठ अक्टूबर तक विदेश दौरे पर रहेगा। हालांकि पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा 11 अक्टूबर तक था लेकिन शनिवार की शाम इसमें बदलाव कर इसे छोटा कर दिया गया है। कारण यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 अक्टूबर को हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं।
गुरुग्राम में 600 से अधिक जापानी कंपनियां सक्रिय
सिर्फ गुरुग्राम में 600 से अधिक जापानी कंपनियां सक्रिय हैं, जो राज्य में रोजगार और तकनीकी विकास का बड़ा स्रोत हैं। वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जापान दौरे के बाद इंडिया-जापान फास्ट ट्रैक मैकेनिज़म का गठन किया गया था। इसका उद्देश्य जापानी निवेशकों के लिए भारत और हरियाणा को निवेश के लिए और अधिक सुगम और आकर्षक बनाना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2025-26 के बजट में 10 नये औद्योगिक माडल टाउनशिप विकसित करने की घोषणा की थी, जिनमें से पांच को पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। आने वाले पांच वर्षों में इन सभी औद्योगिक माडल टाउनशिप को तेजी से विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। हरियाणा सरकार की योजना है कि प्रदेश में एक माडल टाउनशिप विशेष रूप से जापानी निवेशकों के सहयोग से विकसित की जाए।
मंत्री राव नरबीर भी सीएम के साथ मौजूद
इसी उद्देश्य के साथ मुख्यमंत्री जापान यात्रा पर जा रहे हैं। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर और विभाग के उच्चाधिकारी मुख्यमंत्री के साथ जापान दौरे पर होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जापानी निवेशकों से मुलाकात करेंगे और हरियाणा में निवेश के विभिन्न अवसरों को विस्तार से प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही वे जापान में आयोजित वैश्विक निवेशक प्रदर्शनी में हरियाणा पंडाल का दौरा करेंगे, जिससे निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा सके।