Asian Games Gold Medal: भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड के बेहद करीब पहुंच गई है। टीम इंडिया बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंच गई है। रविवार को हुए सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा के शतक की मदद से भारत ने 195 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में बांग्लादेश 81 रनों पर सिमट गई। दूसरी तरफ श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब फाइनल कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम (Korogi Sports Park Stadium) में खेला जाएगा, जहां बारिश की संभावना है।
एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच 22 सितंबर को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम (Nisshin) में होगा। इस ग्राउंड पर बांग्लादेश बनाम चीन मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिसमें एक भी गेंद का खेल नहीं हो सका था। फाइनल में भी यहां बारिश की संभावना है। बता दें कि फाइनल की विजेता टीम गोल्ड मेडल जीतेगी, जबकि हारने वाली टीम के नाम सिल्वर मेडल होगा।
एशियन गेम्स फाइनल रद्द होने पर किसे मिलेगा गोल्ड?
आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट के दौरान फाइनल या नॉकआउट में ज्यादातर रिजर्व डे होता है। यानी बारिश होने पर मैच रिजर्व डे पर खेला जाता है। लेकिन एशियन गेम्स क्रिकेट के फाइनल में रिजर्व डे नहीं है।
अगर एशियन गेम्स में भारत और श्रीलंका महिला टीम के बीच होने वाला फाइनल बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो टीम इंडिया गोल्ड मेडल जीत जाएगी और श्रीलंका को सिल्वर से संतोष करना पड़ेगा। नियम के अनुसार, इस स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा। बता दें कि बांग्लादेश को भी इसी वजह से सेमीफाइनल में जगह मिली थी, क्योंकि उनकी रैंकिंग चीन से बेहतर थी।
आईसीसी टी20 महिला टीम रैंकिंग की बात करें तो भारत 12667 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। श्रीलंका छठे स्थान पर है, जिनके 10488 पॉइंट्स हैं।
ब्रॉन्ज के लिए भिड़ेंगी पाकिस्तान और बांग्लादेश
एशियन गेम्स फाइनल से पहले 22 सितंबर को ही सेमीफाइनल में हारने वाली बांग्लादेश और पाकिस्तान आपस में भिड़ेंगी। ये तीसरे स्थान के लिए मैच होगा, जिसकी विजेता टीम को ब्रॉन्ज मिलेगा और हारने वाली टीम खाली हाथ लौटेगी।