IND vs PAK Final: टीम इंडिया के युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में हैं और एशिया कप 2025 में उनका बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा। अब वे एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड से महज छह छक्के दूर हैं। उनके पास बहुराष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज (पूर्ण सदस्य राष्ट्रों में) बनने का मौका है। अभिषेक शर्मा के पास अब न सिर्फ खुद को एक बेहतरीन पावर-हिटर के रूप में स्थापित करने का मौका है, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी मौका है जिसे तोड़ना किसी के लिए आसान नहीं होगा। आने वाले मुकाबलों में सभी की निगाहें अब उनके बल्ले से निकलते छक्कों पर होंगी।
अभिषेक ने एशिया कप 2025 में 19 छक्के लगा दिए
अभी तक अभिषेक ने एशिया कप 2025 में 19 छक्के लगा दिए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक बहुराष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सर्वाधिक हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में 15 छक्के लगाए थे। वहीं, अभिषेक के गुरु युवराज सिंह ने 2007 टी20 विश्व कप में 12 छक्के लगाए थे। अभिषेक इन दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ चुके हैं। अभिषेक का अगला लक्ष्य है सिकंदर रजा का रिकॉर्ड तोड़ना, जिन्होंने टी20 विश्व कप क्वालिफायर 2023/24 टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के लिए खेलते हुए 24 छक्के लगाए थे। यानी अभिषेक को एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ छह और छक्के लगाने हैं, और वह आईसीसी के 12 फुल मेंबर नेशंस के खिलाड़ियों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
एशिया कप टी20 2025 में श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में उन्होंने एक नया कीर्तिमान रच दिया। इस एशिया कप में वह अब तक छह पारियों में 309 रन बना चुके हैं। अभिषेक किसी एक एशिया कप टी20 संस्करण में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले किसी एक एशिया कप टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम था। उन्होंने 2022 एशिया कप में छह पारियों में 281 रन बनाए थे। वहीं, विराट कोहली ने 2022 एशिया कप में ही पांच पारियों में 276 रन बनाए थे। अभिषेक ने श्रीलंका के खिलाफ 31 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन की तूफानी पारी खेली।