Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को लेकर दोनों ही देश अपने-अपने दावे कर रहे हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर ऐसी तस्वीर शेयर की, जिसमें रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट को न्यू यूएस टेरिटरी यानी नया अमेरिकी क्षेत्र बताया गया है। इधर ईरान का साफ कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट बंद है और यह तब तक बंद रहेगा, जब तक वाशिंगटन अपना रुख नहीं बदलता।
ट्रंप ने इससे पहले बीते 18 अगस्त को भी यही तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। वो लगातार होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अपना अलग ही दावा कर रहे हैं, जबकि ईरान उनके दावे को लगातार खारिज करता आ रहा है। ट्रंप के इस कदम से अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
14 अगस्त को भी दिया था बयान
ट्रंप ने 14 अगस्त को लॉन्ग आइलैंड में एक पुलिस अकादमी में संबोधन के दौरान भी होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वह बहुत ही जल्द इस अहम जलमार्ग (Strait of Hormuz) को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करने वाले हैं। होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल है और यहां से बड़ी मात्रा में तेल और अन्य तरल ईंधन की आवाजाही होती है।
‘अभी नहीं खुलेगा रास्ता…’
दूसरी तरफ ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका के रुख में बदलाव और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा किए जाने तक होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए तैयार नहीं है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बंद है और फिलहाल इसे नहीं खोला जाएगा।
रेजाई ने कहा कि अगर अमेरिका अपना रवैया बदलता है और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करता है तो स्थिति पर विचार किया जा सकता है। लेकिन इस बार अमेरिका को कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने साफ कहा कि इसका समाधान शब्दों और बातचीत से नहीं हो सकता, बल्कि अमेरिका के कदम उठाने से होगा।
होर्मुज से बढ़ी जहाजों की आवाजाही
ईरान के बंद रखने के ऐलान के बावजूद हाल के दिनों में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की संख्या बढ़ी है। ब्रिटेन की समुद्री व्यापार निगरानी से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सप्ताह करीब 200 जहाजों ने होर्मुज को पार किया, जबकि इससे पिछले हफ्ते लगभग 150 और उससे दो सप्ताह पहले करीब 40 जहाज इस जलमार्ग से गुजरे थे।
ओमान के रास्ते से हो रही आवाजाही
समुद्री खुफिया कंपनी केप्लर के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले 80 प्रतिशत से अधिक तरल माल या तो अमेरिका द्वारा समर्थित और अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन द्वारा अधिकृत ओमान के मार्ग का उपयोग करते थे, या फिर अज्ञात मार्ग से गुजरते थे।
रेजाई ने यह भी बताया कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज स्ट्रेट से होकर एक मध्य मार्ग बनाने को लेकर सहमति बनी है। हालांकि, इस संबंध में संयुक्त बयान अभी जारी नहीं किया गया है।